अल्मोड़ा के युवक ने बनाया इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल, सफल उड़ान का वीडियो वायरल - Haribhoomi

HAPIDA SKYNeX: अल्मोड़ा के युवक ने बनाया इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल, सफल उड़ान का वीडियो वायरल; CM धामी ने दी बधाई

उत्तराखंड के अल्मोड़ा के युवा रवि टमटा ने इलेक्ट्रिक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल का सफल परीक्षण किया। प्रोटोटाइप की उड़ान का वीडियो वायरल है, वहीं CM पुष्कर सिंह धामी ने भी बधाई दी।

almora-electric-flying-vehicle-ravi-tamta-test-flight

अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टमटा द्वारा विकसित इलेक्ट्रिक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल (HAPIDA SKYNeX) ने सफल परीक्षण उड़ान भरी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

  • Published: 07 Aug 2026, 05:39 PM IST
  • Last Updated: 07 Aug 2026, 06:44 PM IST

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के युवा इनोवेटर रवि टमटा ने इलेक्ट्रिक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल (Personal Flying Vehicle) का सफल परीक्षण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनके स्टार्टअप 'हनिदा स्काई' ने 'HAPIDA SKYNeX' नाम से इस प्रोटोटाइप को विकसित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस उपलब्धि पर रवि टमटा को बधाई दी है।

पूरी तरह बिजली से चलता है फ्लाइंग व्हीकल
अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम के पास स्थित काफ्लिखान गांव के रहने वाले रवि टमटा ने यह वाहन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया है। यह फ्लाइंग व्हीकल पारंपरिक ईंधन या एथनॉल की बजाय केवल बिजली से चलता है। इससे प्रदूषण भी नहीं होता, इसलिए इसे पर्यावरण के अनुकूल विकल्प माना जा रहा है।

सालों की मेहनत के बाद मिली सफलता
रवि टमटा और उनकी टीम ने कई वर्षों के शोध और मेहनत के बाद इस प्रोटोटाइप को तैयार किया है। फिलहाल यह परीक्षण चरण (Prototype Stage) में है। व्यावसायिक उपयोग से पहले इसे कई तकनीकी परीक्षणों और सरकारी मंजूरियों से गुजरना होगा।

पहाड़ी इलाकों और आपदा राहत में मिल सकती है मदद
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तकनीक सफलतापूर्वक विकसित हो जाती है, तो उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए बड़ी मदद साबित हो सकती है। इससे दूर-दराज के गांवों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही भूस्खलन, बाढ़ और अन्य आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी तेजी आ सकती है। पर्यटन के क्षेत्र में भी इस तकनीक से नए अवसर खुल सकते हैं।

उत्तराखंड के अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा जी को ड्रोन तकनीक में नवाचार करते हुए HAPIDA SKYNEX प्रोटोटाइप के सफल उड़ान परीक्षण पर हार्दिक बधाई।

आपकी यह उपलब्धि सिद्ध करती है कि हमारे युवाओं में प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच की कोई कमी नहीं है। आपका यह अभिनव प्रयास… pic.twitter.com/sR7KZ8AWoO

— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 7, 2026

CM पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर रवि टमटा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगी।