Haryana Politics News: चंडीगढ़ में CM आवास पर हरियाणा BJP का बड़ा मंथन, SIR अभियान और बूथ मजबूती पर जोर, अहम जिम्मेदारियां सौंपी - Haribhoomi

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ आवास 'संत कबीर कुटीर' में जुटी भाजपा की पूरी लीडरशिप, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और राष्ट्रीय सचिव ओपी धनखड़ की मौजूदगी में बनी खास रणनीति।

Haryana BJP Meeting

हरियाणा सीएम आवास में आयोजित बैठक में शामिल होने जाते ओपी धनखड़ व अन्य।

  • Published: 17 Aug 2026, 06:41 PM IST
  • Last Updated: 17 Aug 2026, 06:41 PM IST

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठनात्मक नेटवर्क को नए सिरे से धार देने के लिए सोमवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास 'संत कबीर कुटीर' में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के मंत्रियों, मौजूदा विधायकों, जिलाध्यक्षों और 2024 के विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा चुके प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी तरुण चुघ की उपस्थिति को सियासी मायनों में काफी अहम माना जा रहा है। 

SIR अभियान और बूथ मैनेजमेंट पर पूरा फोकस
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR - Special Intensive Revision) अभियान रहा। पार्टी आलाकमान की ओर से सभी विधायकों, मंत्रियों और हारे हुए प्रत्याशियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने इलाकों में मतदाताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करें। 

इसके साथ ही, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और वोटर लिस्ट में संशोधन की पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा इस अभियान का उपयोग जमीनी स्तर पर अपने कैडर को पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट रखने के लिए कर रही है।

सांस्कृतिक यात्राओं और कार्यक्रमों का रिव्यू किया 
संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ बैठक में राज्यभर में चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इसमें प्रदेश भर में निकाली जा रही 'तिरंगा यात्रा' और संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही 'कलश यात्रा' की स्थिति की समीक्षा की गई। शीर्ष नेतृत्व ने निर्देश दिए कि इन आयोजनों के माध्यम से जनता तक पहुंच और मजबूत की जाए। 

बैठक में मौजूद रहे संगठन के ये दिग्गज 
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस चिंतन शिविर में हरियाणा सरकार के कई कैबिनेट और राज्य मंत्री विशेष रूप से शामिल हुए। इनमें पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और खेल मंत्री गौरव गौतम प्रमुख रहे।

संगठन की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा, सोनीपत से विधायक निखिल मदान समेत राज्य के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य SIR अभियान के सहारे प्रदेश के हर एक बूथ को मजबूत करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार रखना है।