Haryana Weather: 3 से 7 अगस्त तक झमाझम बारिश के आसार, 9 जिलों में अलर्ट, IMD ने जारी की एडवाइजरी - Haribhoomi
हरियाणा में मानसून की धीमी चाल के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
हरियाणा में मौसम विभाग ने जताए 3 से 7 अगस्त तक झमाझम बारिश के आसार।
- Published: 03 Aug 2026, 10:14 AM IST
- Last Updated: 03 Aug 2026, 10:14 AM IST
Haryana Weather: हरियाणा में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के अनुसार राज्य में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है।
मौसम विभाग ने 3 और 4 अगस्त को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस से निजात मिलने की पूरी संभावना है।
9 जिलों में हो सकती है भारी बारिश
विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक 3 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात (नूंह), पलवल और फरीदाबाद समेत 9 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा झज्जर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों 5 से 7 अगस्त के बीच बारिश होने के जताए आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 से 7 अगस्त के दौरान भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। लगातार होने वाली इस वर्षा से न केवल लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि यह बारिश धान और अन्य खरीफ फसलों के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगी।
रविवार को प्रदेश का औसतन तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया, जिसमें सिरसा का कैनाल कॉलोनी इलाका 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।
सिरसा और रोहतक में सामान्य से 65 प्रतिशत कम हुई बारिश
हालांकि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश के संकेत हैं, लेकिन 1 जून से 1 अगस्त तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के 14 जिले अब भी सामान्य से कम बारिश की मार झेल रहे हैं। सिरसा और रोहतक में सामान्य से 65 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि अंबाला और जींद में यह कमी 62 प्रतिशत तक बनी हुई है। दूसरी ओर महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र जैसे 8 जिलों में अब तक सामान्य बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए आम जनता और किसानों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या ऊंचे पेड़ों के नीचे न खड़े होने तथा जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम के ताजा अपडेट्स पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।