Hazaribagh News: SMCH हजारीबाग में हृदय जांच शिविर सफल, चिन्हित बच्चों को मिलेगा निःशुल्क उपचार

Hazaribagh:  श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की ओर से बच्चों के हृदय रोगों की जांच के लिए हजारीबाग जिले के सदर अस्पताल सह शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SMCH) शिविर का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग (CHD) से ग्रसित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें पूर्णतः निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है. इस पहल के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क हैं. 


इस अवसर पर उपायुक्त (DC)  हेमंत सती, उप विकास आयुक्त (DDC)  रिया सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, सदर प्रभारी डॉ. अमरेश कुमार, DEIC मैनेजर जितेंद्र कुमार, तथा RBSK चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश, डॉ. सरजन मल्हार, डॉ. सुरेंद्र एवं अन्य RBSK चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे. साथ ही, श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की स्क्रीनिंग टीम भी सक्रिय रूप से मौजूद रही.

इसे भी पढ़ें:

झारखंड में नियुक्तियों में भ्रष्टाचार-01:  विधानसभा से हुई शुरूआत
JPSC-JSSC आंदोलन : ACS व आदिवासी छात्र प्रतिनिधिमंडल की मंत्रियों के साथ वार्ता

श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की टीम में निरंजन त्रिपाठी, प्रतिमा उरांव, लक्ष्मी प्रिया, ललिता एवं निशा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं हैदराबाद केंद्र से आए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एम. साई गणेश एवं डॉ. गोनापाली वैष्णवी ने बच्चों की हृदय संबंधी जांच की.

शिविर में 105 बच्चों की इको स्क्रीनिंग की गई. जांच के दौरान 30 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग (CHD) की पुष्टि हुई, जिन्हें आगे निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया. अब तक हजारीबाग जिले में बड़ी संख्या में बच्चों का सफल हृदय ऑपरेशन किया जा चुका है, जिससे उन्हें नया जीवन मिला है.

उपायुक्त हेमंत सती एवं सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का और अधिक विस्तार होना चाहिए, ताकि प्रारंभिक स्तर पर ही हृदय रोग की पहचान कर बच्चों को समय पर उपचार मिल सके. 


RBSK चिकित्सा पदाधिकारियों ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर बच्चों की जांच करते हैं, परंतु श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के सहयोग से जांच प्रक्रिया में काफी सुविधा एवं तेजी आई है. साथ ही, गरीब बच्चों को ऑपरेशन तक ले जाने में भी अब अधिक सहजता हो रही है. 


शिविर में चिन्हित बच्चों का उपचार श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के विभिन्न केंद्रों—रायपुर (छत्तीसगढ़), कोंडापाका (तेलंगाना), खारघर (नवी मुंबई) एवं पलवल (हरियाणा)—में पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि “नन्हा सा दिल” पहल के तहत झारखंड में अब तक 600 से अधिक बच्चों का सफल हृदय ऑपरेशन किया जा चुका है. 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें