रात्री चौपाल में किसानों से उन्नत कृषि तकनीक अपनाने कहा: कलेक्टर बोलीं- किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की कोशिश; HDPS-पशुपालन की जानकारी दी - Barwani News
बड़वानी के ठीकरी विकासखंड के ग्राम उचावद में मंगलवार रात कृषि कल्याण वर्ष 2026 के तहत 22वीं रात्रि चौपाल आयोजित की गई। इसमें कलेक्टर जयति सिंह ने किसानों से उन्नत कृषि तकनीक अपनाने और खेती में वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करने की अपील की। चौपाल में HDPS
.
कृषि कल्याण वर्ष के तहत किसानों की समृद्धि के लिए आयोजन
कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से ग्राम स्तर पर किसानों से सीधे संवाद के लिए रात्रि चौपाल आयोजित की जा रही हैं।

HDPS और उर्वरक के इस्तमाल की जानकारी दी
चौपाल में किसानों को हाई डेंसिटी प्लांटिंग सिस्टम (HDPS) पद्धति की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने किसानों को अपनी कृषि भूमि के एक हिस्से में इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, बेसल डोज के महत्व और हर साल मृदा परीक्षण कराने पर जोर दिया गया।
कपास के मूल्य और खेती के बारें में बताया
कलेक्टर ने बताया कि कस्तूरी कॉटन भारत कपास की नई किस्म नहीं है, बल्कि भारत सरकार की ओर से भारतीय कपास को दिया गया एक ब्रांड है। इसका उद्देश्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के मानक स्थापित करना तथा किसानों को उपज का बेहतर बाजार मूल्य दिलाना है।

चौपाल में दी गई जानकारी के मुताबिक, गुणवत्तायुक्त कपास की प्रत्येक बेल पर किसान को 500 रुपए का प्रोत्साहन मिल सकता है। कपास चुनने की मशीन के बारे में भी किसानों को बताया गया। इसके जरिए एक घंटे में 20 से 25 किलो शुद्ध और कचरा-रहित कपास एकत्र करने की जानकारी दी गई।
प्राकृतिक खेती और पशुपालन की योजनाओं पर चर्चा
राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्राकृतिक खेती के लिए पंजीयन, प्रमाणीकरण और वित्तीय अनुदान की जानकारी दी गई। पशुपालन विभाग ने विभागीय योजनाओं और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 'मिल्क रूट' की जानकारी दी।
युवा किसानों को पशुपालन के लिए बैंक ऋण लेने की प्रक्रिया में प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया।
ग्रामीणों ने रखीं सड़क, रपटा और कोल्ड स्टोरेज की समस्याएं
चौपाल में ग्रामीणों ने शांतिधाम तक सीसी रोड निर्माण, रपटा निर्माण, खेल मैदान, केले के निर्यात के लिए कोल्ड स्टोरेज और आवागमन के रास्ते से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिला प्रशासन ने समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता ने बताया कि ग्राम के आंगनवाड़ी भवन की टीएस जारी की जा चुकी है। पंचायत भवन में अतिरिक्त कक्ष और दो नाली निर्माण कार्य जल्द पूरा किए जाएंगे। पशु शेड निर्माण के लिए भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
कार्यक्रम में सिकल सेल एनीमिया की जांच और बचाव से संबंधित जानकारी भी दी गई। इस दौरान जनपद अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, सरपंच, पंच, एसडीएम राजपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान मौजूद रहे।