Hyundai का बड़ा प्लान! भारत में लॉन्च होंगे 26 नए मॉडल, आएंगी EV और हाइब्रिड गाड़ियां

हुंडई मोटर इंडियाImage Credit source: Marcin Golba/NurPhoto via Getty Images
हुंडई ने भारत को लेकर बड़ा प्लान तैयार किया है. कंपनी अगले कुछ सालों में भारतीय बाजार में कई नए मॉडल और अपडेटेड कारें लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. हुंडई ने बताया है कि वह 2030 तक दुनियाभर में 100 से ज्यादा नए मॉडल लॉन्च या मौजूदा मॉडल को अपडेट करेगी. इनमें से 26 मॉडल भारत के लिए होंगे.
कंपनी ने यह जानकारी 2026 CEO इन्वेस्टर-डे के दौरान दी है. हुंडई का मकसद भारत में अपनी पकड़ मजबूत करना और पेट्रोल-डीजल के साथ इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और दूसरी नई टेक्नोलॉजी वाली कारों की रेंज बढ़ाना है. कंपनी चीन की कार कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए भी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है.
भारत में आएंगी 26 नई कारें
हुंडई की भारत वाली योजना सिर्फ नए मॉडल लॉन्च करने तक सीमित नहीं है. कंपनी भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता भी बढ़ाने वाली है. 2030 तक भारत में हर साल 3.20 लाख ज्यादा वाहन बनाने की क्षमता जोड़ने की योजना है. कंपनी अपनी कारों में इस्तेमाल होने वाले 90 फीसदी से ज्यादा पार्ट्स भारत में ही तैयार कराने की दिशा में काम करेगी. इसके लिए हुंडई के साथ 1,400 से ज्यादा सप्लायर और 900 से ज्यादा घरेलू इंजीनियर जुड़े हुए हैं. हुंडई ने पहले ही 2030 तक भारत में करीब 45,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बताई थी. कंपनी भारत को दुनिया में अपने दूसरे सबसे बड़े क्षेत्र के रूप में विकसित करना चाहती है और यहां से दूसरे देशों में ज्यादा कारें एक्सपोर्ट करने की तैयारी भी है.
नई इलेक्ट्रिक SUV भी होगी लॉन्च
हुंडई भारत में एक नई इलेक्ट्रिक SUV लाने की तैयारी में है. इसे खास तौर पर भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर डिजाइन और तैयार किया जाएगा. यह मॉडल 2026 की चौथी तिमाही में पेश किया जा सकता है. इसमें नई जनरेशन का इंफोटेनमेंट सिस्टम और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं. इसके अलावा कंपनी एक नई मिड-साइज पेट्रोल SUV भी भारतीय बाजार में लाने वाली है. हुंडई का फोकस SUV सेगमेंट पर भी काफी ज्यादा रहेगा. कंपनी का अनुमान है कि 2030 तक भारत में उसकी कुल बिक्री में SUV की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी हो सकती है.
EV के साथ हाइब्रिड कारों पर भी फोकस
हुंडई अब सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों पर निर्भर नहीं रहना चाहती. कंपनी इलेक्ट्रिक के साथ हाइब्रिड और एक्सटेंडेड रेंज इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EREV मॉडल भी पेश करेगी. हुंडई का लक्ष्य है कि 2030 तक उसकी वैश्विक बिक्री में इलेक्ट्रिफाइड वाहनों की हिस्सेदारी 60 फीसदी तक पहुंच जाए. 2025 में यह आंकड़ा करीब 23 फीसदी था. कंपनी अगले 8 महीनों में दुनियाभर में 7 नए मॉडल पेश करने की तैयारी में है.
ये भी पढ़ें- क्या कार को किस करने पर कट सकता है चालान, जानें किस नियम के तहत होती है कार्रवाई?

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More