ICAI Campus Placement 2026: 78 कंपनियों में 5,339 नौकरियां, 29 शहरों में होगा उम्मीदवारों का कैंपस इंटरव्यू| Navbharat Live
Updated On: Jul 27, 2026 | 08:50 PM IST
विज्ञापन
सार
ICAI Recruitment : आईसीएआई ने मई 2026 में सीए फाइनल पास उम्मीदवारों के लिए कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार 78 प्रमुख कंपनियां देश के 29 शहरों में 5,339 पदों पर भर्ती।

भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (फोटो - गूगल इमेज)
विस्तार
ICAI Campus Interview : भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) ने मई 2026 में सीए फाइनल परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार का प्लेसमेंट अभियान पहले से अधिक बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
देशभर के 29 शहरों में कैंपस इंटरव्यू होंगे, जहां 78 प्रमुख कंपनियां मिलकर 5,339 पदों पर भर्ती करेंगी। दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और अहमदाबाद जैसे बड़े शहर इस अभियान के प्रमुख केंद्र होंगे।
आईसीएआई के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को देश की अग्रणी कंपनियों में करियर शुरू करने का बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। मई 2026 की सीए फाइनल परीक्षा में 7,931 उम्मीदवार सफल हुए थे, जिनमें से 6,399 अभ्यर्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया के लिए पंजीकरण कराया है।
सम्बंधित ख़बरें
78 कंपनियों में 5,339 नौकरियां
प्लेसमेंट अभियान के तहत वित्त, कराधान, ऑडिट, कंसल्टिंग, बैंकिंग, जोखिम प्रबंधन, विनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे कई क्षेत्रों में भर्ती की जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली में इंटरव्यू 3 से 7 अगस्त, मुंबई और पुणे में 4 से 8 अगस्त, कोलकाता में 5 से 10 अगस्त, जबकि अहमदाबाद, बेंगलुरु और चेन्नई में 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होंगे।
हैदराबाद और जयपुर में 11 से 17 अगस्त तक कैंपस इंटरव्यू होंगे। इसके बाद सितंबर में नोएडा, ठाणे, भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़, लखनऊ, पटना, रायपुर, रांची, राजकोट, वडोदरा समेत कई अन्य शहरों में भी इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
इस बार केवल महानगरों तक ही प्लेसमेंट सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उभरते शहरों में भी कंपनियां नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भर्ती करेंगी, जिससे अधिक उम्मीदवारों को अपने क्षेत्र के पास रोजगार का अवसर मिल सकेगा।
ये खबर भी पढ़ें : JKSSB Warder Recruitment 2026: 10वीं पास के लिए 288 वार्डर पदों पर भर्ती, ₹63,200 तक मिलेगी सैलरी
कैंपस इंटरव्यू अगस्त और सितंबर में आयोजित
आईसीएआई अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए कई नए बदलाव किए गए हैं। इसमें तकनीक आधारित भर्ती प्रणाली, कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय, अभ्यर्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम, साइकोमेट्रिक और एप्टीट्यूड टेस्ट, करियर काउंसलिंग तथा उद्योग की जरूरतों के अनुरूप स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम शामिल हैं।
संस्थान का मानना है कि इससे कंपनियों को योग्य पेशेवर मिलेंगे और उम्मीदवारों को बेहतर करियर विकल्प प्राप्त होंगे। पिछले यानी 63वें कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम में 2,570 से अधिक उम्मीदवारों का चयन हुआ था।
उस दौरान सबसे बड़ा घरेलू वार्षिक पैकेज ₹27.50 लाख रहा था, जबकि चयनित उम्मीदवारों का औसत वार्षिक सीटीसी ₹13 लाख दर्ज किया गया था। ऐसे में इस बार भी हजारों नए सीए को आकर्षक वेतन के साथ प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिलने की उम्मीद है।
