पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC ने दिया तगड़ा झटका, कड़ा एक्शन लेकर दिखाई औकात, WTC फाइनल से बाहर होना तय

Time Published: Monday, September 14, 2026, 15:00 [IST]

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। तीन टेस्ट की सीरीज में टीम को 0-3 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा और अब उसके खाते में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी बड़ा नुकसान जुड़ गया है। एडबेस्टन टेस्ट के दौरान धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान के 11 WTC अंक काटे गए हैं।

यह फैसला पाकिस्तान के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि टीम पहले ही WTC अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही थी। एजबेस्टन में पाकिस्तान ने अपनी पहली गेंदबाजी पारी के दौरान 89 ओवर किए, समय की छूट को जोड़ने के बाद भी वह तय लक्ष्य से 11 ओवर पीछे रह गई। आईसीसी के नियमों के मुताबिक हर कम ओवर के लिए एक WTC अंक काटा जाता है। इसी आधार पर पाकिस्तान को 11 अंकों का नुकसान हुआ।

pakistan team

खिलाड़ियों पर भी लगा भारी जुर्माना

सिर्फ टीम के WTC अंक ही नहीं कटे, बल्कि खिलाड़ियों पर भी आर्थिक जुर्माना लगाया गया है। स्लो ओवर रेट के नियम के तहत पाकिस्तान के खिलाड़ियों की मैच फीस का 50 फीसदी काटा गया। नियम में प्रत्येक कम ओवर के लिए मैच फीस का 5 फीसदी जुर्माना तय है, हालांकि इसकी अधिकतम सीमा 50 फीसदी है।

यानी एजबेस्टन टेस्ट पाकिस्तान के लिए मैदान पर भी खराब रहा और उसके बाद नियमों के उल्लंघन ने नुकसान और बढ़ा दिया। इस मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

दौरे पर पहले ही हो चुके थे बड़े बदलाव

पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा सिर्फ मैदान पर खराब नतीजों की वजह से ही चर्चा में नहीं रहा। लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट के बाद टीम के सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया गया था। इसके बाद कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हुआ और सरफराज अहमद को हटाए जाने के बाद माइक हेसन ने अंतरिम जिम्मेदारी संभाली।

इन तमाम बदलावों के बावजूद पाकिस्तान की स्थिति नहीं बदली और टीम आखिरी टेस्ट भी हार गई। अब स्लो ओवर रेट की सजा ने WTC अभियान को भी मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया है।

WTC फाइनल की उम्मीद लगभग खत्म

11 अंक गंवाने के बाद पाकिस्तान का इस WTC चक्र में पॉइंट प्रतिशत 4.63 रह गया है। टीम ने इस चक्र में अब तक चार सीरीज में नौ टेस्ट खेले हैं। मौजूदा स्थिति को देखते हुए उसके लिए WTC फाइनल की दौड़ में वापसी करना लगभग असंभव हो गया है।

पाकिस्तान के पास अभी घरेलू मैदान पर वापसी का मौका जरूर है। टीम नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज खेलेगी, जबकि 2027 में न्यूजीलैंड भी पाकिस्तान का दौरा करेगा। लेकिन इंग्लैंड दौरे की 0-3 हार और अब 11 अंकों की कटौती ने पाकिस्तान के WTC अभियान को बड़ा झटका दे दिया है।