चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश नाकाम, बस स्टैंड के पास से IED और हथियार बरामद, 3 गिरफ्तार
Chandigarh News: चंडीगढ़ में सेक्टर-43 ISBT के पीछे से संदिग्ध आईईडी और हथियार बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने सेक्टर-43 ISBT यानी इंटर स्टेट बस टर्मिनल के पीछे से संदिग्ध विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है. मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने थाना-36 में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-43 बस स्टैंड के नजदीक संदिग्ध विस्फोटक होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान संदिग्ध आईईडी और हथियार समेत कुछ अन्य सामग्री बरामद हुई. बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है.
तीन संदिग्ध गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में आरोपियों के पास से संदिग्ध आईईडी और अन्य सामग्री मिलने की बात सामने आई है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोटक और हथियार उनके पास कैसे पहुंचे और इन्हें कहां इस्तेमाल किया जाना था.
शुरुआती जांच में चंडीगढ़ में संभावित आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की योजना की आशंका भी जताई गई है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी अंतिम निष्कर्ष की जानकारी नहीं दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद ही इस मामले में विस्तृत जानकारी सामने आएगी.
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
घटना के बाद सेक्टर-43 ISBT और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सार्वजनिक स्थान होने के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं. संदिग्ध विस्फोटक की प्रकृति और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा और एहतियाती कदम उठाए हैं. जांच एजेंसियां बरामद सामग्री की तकनीकी जांच के साथ आरोपियों के संपर्कों और उनकी गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं.

मोहित मलहोत्रा
भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर
Read More