IIT छात्र मौत मामला, जेब में रखी किसी चीज को देखने झुका था साहिल, CCTV में दिख रहा - India TV Hindi
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत की जांच में अब CCTV फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आया है। क्राइम ब्रांच की टीम एग्जाम हॉल से लेकर हॉस्टल तक के CCTV फुटेज को खंगाल रही है।वारदात के दिन दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच परीक्षा हॉल में साहिल की गतिविधियां CCTV में रिकॉर्ड हुई हैं। पेपर खत्म होने में करीब 15 मिनट बाकी थे तभी फुटेज में साहिल को अपनी जेब में रखी किसी चीज को देखने के लिए झुकते हुए देखा गया। इसके बाद प्रोफेसर उससे सवाल करते हैं और उसे दूसरे छात्रों से अलग एक तरफ ले जाते हैं। ये CCTV फुटेज 54 सेकंड का है, जो परीक्षा में बचे 20 मिनट से पहले का है। इसमें साहिल पहली बेंच पर बैठा नजर आ रहा है। परीक्षा दोपहर एक बजे तक होनी थी।
देखें वीडियो
हॉस्टल में गया, फिर आई मौत की खबर
परीक्षा हॉल से बाहर आने के बाद साहिल कैंपस में जाता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद करीब 1:25 बजे वह हॉस्टल के अपने कमरे में प्रवेश करता हुआ CCTV में कैद हुआ। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद साहिल कमरे से बाहर नहीं निकला। बाद में साहिल के कमरे में उसकी मौत की जानकारी सामने आई। अब क्राइम ब्रांच एग्जाम हॉल, कैंपस और हॉस्टल के CCTV फुटेज को आपस में जोड़कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी समझने की कोशिश कर रही है। इस फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिरी 20 मिनट में क्या हुआ था।
चैट जीपीटी से पेपर सॉल्व करने के आरोप
सीसीटीवी को देखकर ये दावा किया जा रहा है कि छात्र साहिल अपने फोन पर चैट जीपीटी के जरिए पेपर सॉल्व या अपलोड कर रहा था। जब वह ऐसा कर रहा था उसी दौरान परीक्षा हॉल में ड्यूटी पर तैनात प्रोफेसर सूर्य नारायण दुल्ला की नजर साहिल पर पड़ गई। प्रोफेसर दुल्ला तुरंत साहिल के पास पहुंचे और उसका मोबाइल देखने के बाद उसे अपनी सीट से उठने को कहा। ये सब रिकॉर्डिंग में दिख रहा है। फुटेज के अंतिम हिस्से में देखा जा सकता है कि प्रोफेसर दुल्ला छात्र साहिल को अन्य छात्रों से अलग परीक्षा हॉल से बाहर ले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:
IIT छात्र सुसाइड मामला, साहिल के माता-पिता का आरोप-हमारे बेटे को टारगेट किया जा रहा था