सिराज IN, नीतीश/नमन OUT... दूसरे वनडे में कप्तान शुभमन गिल करेंगे बड़ा बदलाव, ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 30 सितंबर (बुधवार) को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. तिरुवनतंपुरम में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने 8 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की थी. अब शुभमन गिल ब्रिगेड की नजरें इस मुकाबले को जीत सीरीज अपने नाम करने पर हैं. भारतीय समयानुसार ये मुकाबला दोपहर 2 बजे से निर्धारित है.
मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा टीम इंडिया की प्लेइंग-11 को लेकर है. तिरुवनंतपुरम में भारत छह गेंदबाजों के विकल्प के साथ उतरा था, लेकिन इनमें सिर्फ तीन विशेषज्ञ गेंदबाज थे. बल्लेबाजी में टीम के पास काफी गहराई थी. अब गुवाहाटी में टीम मैनेजमेंट के सामने सवाल है कि इसी कॉम्बिनेशन को बरकरार रखा जाए या गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए एक अतिरिक्त विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को शामिल किया जाए.
जसप्रीत बुमराह एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के साथ हैं, जबकि हार्दिक पंड्या चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज टीम के सबसे अनुभवी विकल्पों में से एक हैं. सिराज को प्लेइंग-11 में शामिल करने से भारत का गेंदबाजी आक्रमण अधिक संतुलित हो सकता है. खासकर तब, जब टीम सीरीज को दूसरे ही मुकाबले में खत्म करने के इरादे से उतरेगी. हालांकि, सिराज की एंट्री का सीधा मतलब यह होगा कि किसी एक खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा. सिराज को नमन धीर या नीतीश रेड्डी की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है.
नीतीश-नमन का नहीं चला था जादू
डेब्यू मैच में नमन धीर को बल्ले से योगदान देने का मौका नहीं मिला, जबकि गेंदबाजी के दौरान उन्होंने पांच ओवर्स में 33 रन दिए. इसके बावजूद उन्हें सिर्फ एक मैच के बाद बाहर करना टीम मैनेजमेंट के लिए आसान फैसला नहीं होगा. नीतीश कुमार रेड्डी ने पहले वनडे के दौरान पांच ओवर्स में 45 रन दिए और नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए उनका पहला ओवर काफी महंगा रहा था. फिर भी नीतीश की भूमिका सिर्फ गेंदबाजी तक सीमित नहीं है. वह बल्लेबाजी का भी विकल्प देते हैं और इसी वजह से टीम में उनका महत्व बढ़ जाता है. हार्दिक पंड्या की फिटनेस से जुड़ी अनिश्चितता को देखते हुए भारत नीतीश को एक बैकअप ऑलराउंडर के रूप में तैयार करना चाहता है.
सम्बंधित ख़बरें
पहले वनडे में चाइनामैन कुलदीप यादव ने वापसी को यादगार बनाते हुए 10 ओवर्स में 40 रन देकर चार विकेट लिए. उनकी गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज के मजबूत स्कोर की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. ऐसे प्रदर्शन के बाद कुलदीप का दूसरे वनडे से बाहर होना मुश्किल है. स्पिन विभाग में उनकी भूमिका फिलहाल तय नजर आती है.
दूसरे वनडे में भारत की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर/नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज.
वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11: जॉन कैम्पबेल, ज्वेल एंड्रयू, कीसी कार्टी, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), आमिर जंगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ और जेडन सील्स.
भारत का फुल स्क्वॉड: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, आकिब नबी और ध्रुव जुरेल.
वेस्टइंडीज का फुल स्क्वॉड: जॉन कैम्पबेल, जस्टिन ग्रीव्स, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), आमिर जंगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, शमर जोसेफ और विटेल लॉज.
---- समाप्त ----