IND-A vs AUS-A: तेजल हसबनीस के 6 छक्के, अनुष्का शर्मा की फिफ्टी... ऑस्ट्रेलिया पर भारत की पहली जीत

IND-A vs AUS-A: तेजल हसबनीस के 6 छक्के, अनुष्का शर्मा की फिफ्टी… ऑस्ट्रेलिया पर भारत की पहली जीत

ऑस्ट्रेलिया ए पर भारत की पहली जीत. (फोटो- ACC/INSTAGRAM)

IND-A Women vs AUS-A Women 1st ODI: ऑस्ट्रेलिया ए की महिला टीम इस समय भारत के दौरे पर है. इस दौरे की शुरुआत 3 मैचों की टी20 सीरीज के साथ हुई थी, जिसमें भारत को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. लेकिन वनडे सीरीज की शुरुआत इंडिया ए की टीम ने जीत के साथ की. मोहाली में खेले गए पहले 50 ओवर के मुकाबले में भारतीय महिला ए टीम ने ऑस्ट्रेलिया ए को 4 विकेट से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की है. 236 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 46 रन पर 3 विकेट गंवाने के बावजूद तेजल हसबनीस और अनुष्का शर्मा की शतकीय साझेदारी, फिर अंत में निकी प्रसाद की तूफानी पारी के दम पर 41.1 ओवरों में 6 विकेट खोकर जीत का परचम लहराया.

235 पर सिमटी ऑस्ट्रेलिया ए टीम

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को कप्तान ताहलिया विल्सन और चार्ली नॉट ने आक्रामक शुरुआत दिलाई. एक समय मेहमान टीम 149 रन पर सिर्फ 2 विकेट खोकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी, लेकिन भारतीय स्पिनरों ने जबर्दस्त वापसी कराई. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने आखिरी 8 विकेट सिर्फ 86 रनों के अंदर गंवा दिए और पूरी टीम 46.3 ओवर में 235 रनों पर ढेर हो गई.

इस दौरान निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं, वैष्णवी शर्मा ने भी 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. इसके अलावा अपना डेब्यू मुकाबला खेल रहीं अमनदीप कौर ने 56 रन देकर 2 अहम सफलताएं हासिल कीं.

तेजल-अनुष्का के दम पर जीता भारत

टारगेट का पीछा करते हुए भारत ए की शुरुआत काफी खराब रही और 10वें ओवर तक टॉप तीन बल्लेबाज 46 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे. इसके बाद तेजल हसबनीस और अनुष्का शर्मा ने जवाबी हमला बोलते हुए मैच का पासा पलट दिया. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 125 गेंदों पर 126 रनों की साझेदारी निभाई. इस दौरान तेजल ने 82 गेंदों पर 6 छक्कों की मदद से 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली, वहीं अनुष्का ने 61 गेंदों पर 55 रन बनाए.

हालांकि टारगेट से 64 रन पहले अनुष्का और फिर तेजल के आउट होने से रोमांच बढ़ा, लेकिन तब तक जरूरी रन रेट घटकर 3.25 पर आ चुका था. गेंद से कमाल करने के बाद निकी प्रसाद ने बल्ले से भी कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 32 रनों की पारी खेली और 42वें ओवर में डीप थर्ड पर शानदार रिवर्स-स्वीप चौका जड़कर भारत ए को 4 विकेट से यादगार जीत दिला दी.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button