IND vs JAP: पहले हुई अंपायर से लड़ाई, फिर मिली जीत... भारत-जापान मैच में हाई-वोल्टेज ड्रामा

भारत-जापान मैच का रोमांच (Photo: BCCI)
भारत और जापान के बीच ऐतिहासिक मुकाबले का रोमांचक अंत हुआ. इसे रोमांचक बनाने में पिच के मिजाज से लेकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन तक… सबका योगदान रहा. लेकिन, सबसे बड़ी भूमिका उस हाईवोल्टेज ड्रामे की रही, जो जापान की इनिंग के आखिरी ओवर में देखने को मिली. ये मुकाबला भारत-जापान के कुटनीतिक रिश्तों के 75 साल पूरे होने पर खेला जा रहा था, जिसमें टीम इंडिया ने सिर्फ 2 रन से जीत दर्ज की. लेकिन, उस 2 रन की जीत के लिए भी भारतीय टीम को कम पापड़ नहीं बेलने पड़े. इसके लिए मैदान पर परफॉर्म करने से लेकर अंपायर से भिड़ने तक, भारतीय खिलाड़ियों ने सबकुछ किया.
अंपायर के वाइ़ड देने के फैसले से नाराज भारतीय खिलाड़ी
भारतीय खिलाड़ियों खासकर उसके कप्तान श्रेयस अय्यर की अंपायर से लड़ाई, जापान की इनिंग के आखिरी ओवर में हुई. यहां लड़ाई से मतलब बहस से है. जापान की पारी का आखिरी ओवर भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल डाल रहे थे. अक्षर के इस ओवर की तीसरी गेंद को अंपायर ने वाइड करार दिया. पहली बार ऐसा हुआ तो मामला गरमाया नहीं. लेकिन जब अक्षर ने फिर से तीसरी गेंद को फेंका और अंपायर ने फिर से वाइड दे दिया तो उस फैसले परअक्षर पटेल और विकेट के पीछे खड़े सैमसन खुश नहीं दिखे. अक्षर ने तुरंत अपनी नाराजगी जाहिर की और अंपायर क्रिस थर्गेट से बात की.
अय्यर ने लेग अंपायर से की बात, पलटा फैसला
अपने खिलाड़ियों को नाराज देख श्रेयस अय्यर भी स्क्वॉयर लेग पर खड़े अंपायर क्रिस ब्राउन के पास पहुंचे और उनसे बात की. श्रेयस अय्यर के आवाज उठाने के बाद क्रिस ब्राउन ने बाकी अंपायरों से भी बात की. इस बहस के बाद भी ऑन फील्ड अंपायर ने पहले तो अपने दिए वाइड के फैसले पर अटल दिखा. लेकिन, फिर अचानक ही फैसला पलट दिया. मतलब जो गेंद वाइ़ड दी गई थी, उसे लीगल करार दिया गया.
जापान को 4 गेंदों में 6 रन बनाने थे, जब घटी घटना
अब जहां जापान के खाते में एक रन और जुड़ते, उसे एक गेंद भी एक्स्ट्रा खेलने को मिलती, अंपायर के फैसला पलटने से वो दोनों चीजें नहीं हुई. मैच में जब ये घटना हुई उस वक्त जापान को 4 गेंदों में 6 रन की दरकार थी. अगर अंपायर ने फैसला नहीं पलटा होता तो यही फासला 4 गेंदों में 5 रन का रहता और जापान के लिए काम आसान हो सकता था. मगर भारतीय खिलाड़ियों और अंपायर के बीच जो हुआ उसने मैच को अलग मोड़ दे दिया. नतीजा ये हुआ कि भारत ने मैच जीत लिया. 5 ओवर में उससे मिले 33 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जापान की टीम 30 रन ही बना सकी.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More