IND vs SL: टीम इंडिया के साथ श्रीलंका नहीं पहुंचा ये स्टार खिलाड़ी, टेस्ट सीरीज में खेलने पर सस्पेंस, क्या है वजह?

श्रीलंका क्यों नहीं गए साई सुदर्शन? (फोटो- PTI)
IND vs SL Test series: श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है. हालांकि, टीम इंडिया के स्टार युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम के साथ नहीं पहुंचे हैं. एयरपोर्ट पर सुदर्शन की गैरमौजूदगी ने उनकी फिटनेस पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. साई सुदर्शन हाल ही में पैर की चोट का शिकार हुए थे और वह इस टेस्ट सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं, इसे लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है.
श्रीलंका क्यों नहीं गए साई सुदर्शन?
चोटिल होने से ठीक पहले साई सुदर्शन बेहतरीन फॉर्म में चल रहे थे. हाल ही में श्रीलंका का दौरा करने वाली इंडिया ए टीम का हिस्सा रहते हुए उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने 4 पारियों में 166.00 की औसत से 332 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शानदार शतक भी निकले थे. इसी दौरे पर ही वो पैर की चोट का शिकार हो गए थे, जिससे उनके मेन टेस्ट टीम में खेलने पर सस्पेंस जारी है.
इस चोट के चलते साई सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, साई सुदर्शन ने CoE में बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया है. वह अपनी रिकवरी पर काम कर रहे हैं और रोजाना नेट्स में करीब 75 मिनट तक बल्लेबाजी कर रहे हैं. हालांकि, इसके बावजूद वह अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी चोट और रिकवरी पर चौबीसों घंटे निगरानी रखे हुए है. नियमों के मुताबिक, जब CoE की मेडिकल टीम उन्हें पूरी तरह फिट घोषित कर फिटनेस क्लीयरेंस दे देगी, तभी वह श्रीलंका के लिए रवाना होंगे.
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More