IND vs SL: गॉल टेस्ट में अचानक बदला अंपायर, रॉड टकर की बिगड़ी तबीयत, फिर किसने संभाली कमान?

गॉल टेस्ट के बीच रॉड टकर की बिगड़ी तबीयत. (फोटो- GETTY)
IND vs SL Galle Test Umpire Rod Tucker: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिला. मुकाबले में मैदानी अंपायरिंग कर रहे ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी और आईसीसी एलीट पैनल के अंपायर रॉड टकर की तबीयत अचानक बिगड़ गई. जिसके चलते वो दूसरे दिन के तीसरे और आखिरी सेशन में मैदान पर नहीं उतर सके. उनकी जगह श्रीलंका के रिजर्व अंपायर रवींद्र विमलासिरी ने मैदान पर मोर्चा संभाला और बांग्लादेश के अंपायर शरफुद्दौला के साथ तीसरे सेशन में अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाई.
अंपायर रॉड टकर की बिगड़ी तबीयत
61 साल के रॉड टकर इंटरनेशनल क्रिकेट जगत के सबसे सम्मानित और अनुभवी अंपायरों में गिने जाते हैं. अंपायरिंग में आने से पहले वह एक क्रिकेटर भी रह चुके हैं. रॉड टकर को आखिर क्या हुआ है, इस पर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है, उम्मीद है कि कोई गंभीर बात नहीं होगी. लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कम ही देखने को मिलता है, जब बीच मैच में अंपायर बदला गया है, जिसके चलते इस घटना ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
गॉल टेस्ट के मैच अधिकारियों की बात करें तो इस मुकाबले में टीवी अंपायर के रूप में पाकिस्तान के अहसन रजा और मैच रेफरी के रूप में जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर एंडी पाइक्रॉफ्ट अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वहीं, ऑन-फील्ड अंपायर रॉड टकर और शरफुद्दौला हैं.
खिलाड़ी से लेकर वर्ल्ड क्लास अंपायर तक का सफर
रॉड टकर का क्रिकेट से काफी पुराना नाता रहा है. वो ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने 1985 से 1988 तक न्यू साउथ वेल्स के लिए खेला, जिसके बाद वो तस्मानिया चले गए जहां उन्होंने 1988 से 1999 तक एक लंबा और सफल करियर बिताया. वह 1991/92 से 1995/96 तक तस्मानिया के उपकप्तान भी रहे. इसके बाद 1999/2000 सीजन में कैनबरा कॉमेट्स के कप्तान और कोच की दोहरी भूमिका निभाने के बाद उन्होंने बतौर खिलाड़ी संन्यास लिया.
संन्यास के बाद रॉड टकर ने अंपायरिंग की दुनिया में कदम रखा. साल 2008 में उनका आईसीसी इंटरनेशनल पैनल में सेलेक्शन हुआ. फिर 2010 में आईसीसी एलीट पैनल में शामिल हुए. वो अभी तक 101 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं. इसके अलावा 110 वनडे और 66 टी20I मैचों में भी ऑन-फील्ड अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More