IND vs SL Test Series: चोटिल साई सुदर्शन की जगह किसे मिल सकती है भारतीय टेस्ट टीम में जगह
![]()
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज
कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज से पहले अभ्यास मैच में तैयारियों में जुटी भारतीय टीम चोट के चक्रव्यूह में फंसती जा रही है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए। उनसे पहले जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, आकाशदीप, नीतीश रेड्डी और हर्षित राणा चोट की वजह से श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए थे। अब चोटिल खिलाड़ियों की सूची में छठा नाम साई सुदर्शन का भी जुड़ गया है। ऐसे में 15 अगस्त से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले सुदर्शन के बदले टीम इंडिया में शामिल होने वाले खिलाड़ी को लेकर भी चर्चा जोरों पर है।
ये तीन खिलाड़ी हैं दावेदार
सुदर्शन की जगह भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होने वाले दावेदारों में सबसे आगे सरफराज खान, रुतुराज गायकवाड़ और शेख राशिद चल रहे हैं। सरफराज खान को श्रीलंका दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। उन्होंने एक दिन पहले ही एक क्रिप्टिक पोस्ट करके टीम में धमाकेदार वापसी की बात कही थी। चेन्नई सुपर किंग्स और महाराष्ट्र के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के लिए सफेद जर्सी में पिछला घरेलू सीजन शानदार रहा था। वहीं हैदराबाद के बल्लेबाज शेख राशिद भी सुदर्शन की जगह लेने के लिए दावेदार बनकर उभरे हैं।
सरफराज को मिल सकता है मौका
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सरफराज खान और शेख राशिद का नाम सुजर्शन के रिप्लेसमेंट के रूप में सबसे आगे चल रहा है। सरफराज अपनी फिटनेस के आकलन के लिए पिछले एक सप्ताह से सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में हैं। सरफराज खान की टेस्ट टीम में वापसी की संभावना कई वजहों से सबसे ज्यादा हैं। सरफराज के पास टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है। मुंबई के बल्लेबाज स्पिनर्स के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करते हैं। भारतीय टीम के लिए टेस्ट में स्पिनर्स परेशानी का सबब बने हुए हैं। ऐसे में उनका दावा टीम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सबसे ज्यादा मजबूत है।
शेख राशिद का दावा भी है मजबूत
वहीं शेख राशिद को भी बेंगलूरू रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। राशिद ने हाल ही में इंडिया ए के श्रीलंका दौरे पर तीन पारियों में 45,63 और 20 रन की पारी खेली थी। राशिद भारतीय चयनकर्ताओं की रडार पर हैं। उन्हें विशेषज्ञ बल्लेबाजों के सीओई में होने वाले कैंप में भाग लेना है। इस कैंप में आर स्मरण और अमन मोखाड़े जैसे बल्लेबाज भी भाग लेंगे। भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए विशेषज्ञ बल्लेबाज चिंता का विषय है और टीम की जरूरत से चयनतकर्ताओं को वाकिफ करा दिया गया है।
![]()
नवीन चौहानauthor
नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Sports
- Cricket
End of Article