IND vs SL, Weather Forecast: भगवान भरोसे टीम इंडिया की जीत! श्रीलंका को हार से बचाएगा कोलंबो का मौसम?

IND vs SL, Weather Forecast: भगवान भरोसे टीम इंडिया की जीत! श्रीलंका को हार से बचाएगा कोलंबो का मौसम?

टीम इंडिया से जीत छीन लेगी कोलंबो की बारिश?Image Credit source: Getty Images

भारतीय टीम श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीत की हैट्रिक लगाने के बेहद करीब है. 2015 और 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीती थी. अब शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत फिर से टेस्ट सीरीज अपने नाम करने के करीब है. श्रीलंका के लिए सीरीज में बराबरी करना तो दूर, आखिरी टेस्ट मैच में हार टालना भी मुश्किल साबित हो रहा है. मगर ऐसा लगता है कि कोलंबो का मौसम अपनी ही टीम को क्लीन स्वीप की शर्मिंदगी से बचा सकता है क्योंकि आखिरी दिन जबरदस्त बारिश का अनुमान है.

आखिरी दिन कोलंबो में कैसा रहेगा मौसम?

गॉल टेस्ट मैच की तरह ही कोलंबो टेस्ट में भी बारिश का असर देखने को मिला. हालांकि, गॉल में पहले दिन से ही जैसी रुकावट आ रही थी, वो हाल कोलंबो टेस्ट का नहीं रहा लेकिन यहां भी बारिश या गीले आउटफील्ड के कारण कई ओवर का खेल नहीं हो सका. चौथे दिन का अंत भी ऐसा ही हुआ, जहां वक्त से करीब 45 मिनट पहले मैच रोकना पड़ा. इसके चलते करीब 15 ओवर बाकी रह गए, जिससे टीम इंडिया के लिए जीत हासिल करना मुश्किल हो सकता है.

असल में मैच के आखिरी दिन यानि गुरुवार 27 अगस्त को कोलंबो में सुबह से ही बारिश रहने का अनुमान है. मौसम पर नजर रखने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर के मुताबिक, सुबह 7 बजे बारिश होने का 63 फीसदी अनुमान है जो कि फिर 8 से 10 बजे के बीच 50 फीसदी से नीचे आ जाएगा. मगर फिर 10 बजे से यानि जब दिन का खेल शुरू होता है तो फिर लगातार 1 बजे तक बारिश जारी रह सकती है और ये अनुमान 80 फीसदी से ज्यादा का है. इसके बाद 2 बजे से 5 बजे के बीच भी बारिश जारी रह सकती है.

कैसा है मैच का हाल?

यानि साफ है कि कोलंबो टेस्ट मैच के पांचवें दिन टीम इंडिया श्रीलंका की टीम और कोलंबो के मौसम से एक साथ टकराएगी. अब मौसम क्या अपनी होम टीम पर मेहरबान होता या मेहमानों को खुश करता है, ये देखने लायक होगा. चौथे दिन के खेल के बाद टीम इंडिया वैसे भी जीत के काफी करीब है, जबकि श्रीलंका के लिए इस मैच में भी हार बचाने की चुनौती है.

भारतीय टीम की ओर से फॉलो-ऑन दिए जाने के बाद श्रीलंका ने दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 229 रन बना लिए थे और वो सिर्फ 16 रन ही आगे थी. अब टीम इंडिया को यही चाहिए कि जब भी खेल हो सके, वो श्रीलंका को जल्दी आउट करे और लक्ष्य को छोटा ही रखे, ताकि कम समय में उसे हासिल किया जा सके. मैच ड्रॉ होने पर भी टीम इंडिया सीरीज तो जीत जाएगी लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 8 अहम पॉइंट्स उसके हाथ से फिसल जाएंगे. ऐसे में ये जीत टीम इंडिया के लिए काफी अहम है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button