IND vs WI: 24 साल बाद भारतीय गेंदबाजों का इतना बुरा हाल, वेस्टइंडीज ओपनर्स का बड़ा करिश्मा

वेस्टइंडीज ने 24 साल बाद किया ऐसा. (फोटो- PTI)
IND vs WI 1st ODI: तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में कैरेबियाई ओपनिंग जोड़ी ने इतिहास के पन्नों को पलट दिया. इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन वेस्टइंडीज के ओपनर्स जस्टिन ग्रिव्स और जॉन कैम्पबेल ने उनके इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित करते हुए मैदान पर रनों का तूफान ला दिया.
24 साल बाद हुआ ऐसा
इस मुकाबले में ओपनिंग करते हुए जस्टिन ग्रिव्स और जॉन कैम्पबेल ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 13.3 ओवर में 100 रनों की साझेदारी पूरी कर ली. इसी के साथ भारतीय सरजमीं पर पूरे 24 साल के लंबे इंतजार के बाद किसी विंडीज ओपनिंग जोड़ी ने भारत के खिलाफ वनडे में शतकीय साझेदारी दर्ज की. वहीं, साल 2025 से लेकर अब तक वेस्टइंडीज ने 20 से ज्यादा वनडे मुकाबले खेले थे, लेकिन उनकी कोई भी ओपनिंग जोड़ी पहले विकेट के लिए 65 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकी थी.
हैरानी की बात यह है कि जॉन कैम्पबेल और जस्टिन ग्रिव्स बतौर ओपनर सिर्फ दूसरी बार वनडे में एक साथ क्रीज पर उतरे. जहां कैरेबियाई टीम पिछले कई महीनों से एक मजबूत ओपनिंग स्टैंड के लिए जूझ रही थी, वहीं भारतीय धरती पर कदम रखते ही इस जोड़ी ने आक्रामक रवैया अपनाया और 81 गेंदों में ही 100 रन बोर्ड पर टांग दिए.
पावरप्ले में ही किया बड़ा कारनामा
ग्रिव्स और कैम्पबेल ने पहले ओवर से ही भारतीय तेज गेंदबाजों को लाइन-लेंथ से भटका दिया. पावरप्ले के 10 ओवर खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने बिना कोई विकेट गंवाए 85 रन जोड़े. वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के खिलाफ शुरुआती 10 ओवरों में वेस्टइंडीज का यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है.
भारत के खिलाफ पावरप्ले में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर
- 114/0 – पोर्ट ऑफ स्पेन (2019)
- 86/0 – वडोदरा (2002)
- 85/0 – तिरुवनंतपुरम (2026)*
- 82/1 – ढाका (1998)
- 81/1 – अहमदाबाद (2002)

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More