IND W vs ENG W Test Day 3 Match Highlights: लॉर्ड्स टेस्ट में ऐतिहासिक जीत से 4 विकेट दूर टीम इंडिया, यस्तिका भाटिया ने जड़ा यादगार शतक

Image

यस्तिका भाटिया (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

लंदन: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉर्ड्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच में जीत के करीब पहुंच गई है। पहली पारी में 115 रन की बढ़त हासिल करने के बाद टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 341 रन पर घोषित कर दी और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रन का लक्ष्य रख दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की 327 रन और टीम इंडिया 4 विकेट दूर है।

यस्तिका भाटिया ने जड़ा यादगार शतक

भारत के लिए दूसरी पारी में यस्तिका भाटिया ने शानदार 113 रन की पारी खेली और लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाली पहली महिला बैटर बनीं। इसके अलावा स्मृति मंधाना ने 70 और ऋचा घोष ने 50 रन की नाबाद पारी खेली। ऋचा घोष के अर्धशतक पूरा करने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी समाप्ति की घोषणा कर दी। ऐसे में टीम इंडिया ने जीत के लिए इंग्लैंड के सामने 457 रन का विशाल लक्ष्य रख दिया। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने शानदार गेंदबाजी की, वह टीम की सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने 33.3 ओवर में 118 रन देकर पांच विकेट लिए। उनके अलावा 2 विकेट लॉरेन बेल की झोली में गए।

इंग्लैंड की खराब शुरुआत, 23 रन पर गंवाए 3 विकेट

जीत के लिए 457 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत खराब रही। पहली पारी में पांच विकेट चटकाने वाली क्रांति गौड़ ने अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर टैमी ब्यूमोंट को बोल्ड कर दिया। अंतरराष्ट्रीय करियर की आखिरी पारी में वो अपना खाता भी नहीं खोल सकीं। इसके बाद अगले ही ओवर में सयाली सतघरे ने मिआ बुचियर को एलबीडब्लू करके इंग्लैंड को दूसरा झटका दे दिया। बुचियर 2(8) रन बना सकीं। इसके बाद पारी को हीथर नाईट और कप्तान नेट सीवर ब्रंट ने आगे बढ़ाया। दसवें ओवर में 23 के स्कोर पर ब्रंट को स्नेह राणा ने बोल्ड करके इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया।

हीथर नाइट का क्रांति गौड़ ने किया शिकार

23 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड की टीम मुश्किल में नजर आने लगी और उसके सिर पर हार का खतरा मंडराने लगा। ऐसे में हीथर नाइट और एलिस कैप्सी ने मोर्चा संभाला लेकिन हीथर नाइट को क्रांति गौड़ ने विकेट के पीछे ऋचा घोष के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड को चौथा झटका दे दिया। अपने करियर की आखिरी टेस्ट पारी में हीथर नाइट 13(34) रन बना सकीं। 36 के स्कोर पर इंग्लैंड ने चौथा विकेट गंवाया।

जीत से चार विकेट दूर टीम इंडिया, जोन्स ने जड़ा अर्धशतक

हीथर नाइट के आउट होने के बाद एलिस कैप्सी और एमी जोस ने मोर्चा संभाला। दोनों टीम को 50 रन के पार ले गईं लेकिन 59 के स्कोर पर कैप्सी को सतघरे ने बोल्ड कर दिया। वो 21(35) रन बना सकीं। 59 रन पर आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद एमी जोन्स और मैडी विलियर्स ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने इंग्लैंड को 29वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 126 रन तक ले गईं। 37वें ओवर की आखिरी गेंद पर ये साझेदारी भी टूट गई। स्नेह राणा ने विलियर्स को ऋचा घोष के हाथों कैच करा दिया। वो 26(63) रन बना सकीं। विलियर्स के आउट होने के बाद एमी जोन्स ने अपना अर्धशतक पूरा किया। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। जोन्स 52(72) रन बनाकर और सोफी एक्लेस्टोन 1(2) रन बनाकर नाबाद हैं। जीत के लिए भारत को 4 विकेट और इंग्लैंड को 327 रन की दरकार है।

Navin Chauhan

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article