Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस पर OTT पर जरूर देखें ये 5 फिल्में, देशभक्ति का जज्बा कर देंगे दोगुना

Time Published: Friday, August 7, 2026, 17:59 [IST]

Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस का मौका आते ही हर तरफ तिरंगे के रंग नजर आने लगते हैं। स्कूल-कॉलेज से लेकर ऑफिस और घरों तक 15 अगस्त को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया जाता है। इस दिन कई लोग देशभक्ति से जुड़ी फिल्में और गाने देखना-सुनना भी पसंद करते हैं। अगर आप भी इस स्वतंत्रता दिवस पर बाहर जाने के बजाय घर पर ही परिवार के साथ फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो OTT पर मौजूद कुछ शानदार बॉलीवुड फिल्में आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं।

देश के प्रति जिम्मेदारी और अपनेपन का एहसास
इन फिल्मों में कहीं देश के लिए जान कुर्बान करने वाले वीरों की कहानी है, तो कहीं देश के प्रति जिम्मेदारी और अपनेपन का एहसास। खास बात ये है कि ये फिल्में सिर्फ देशभक्ति का जज्बा ही नहीं जगातीं बल्कि इतिहास और समाज से जुड़े कई जरूरी पहलुओं पर भी सोचने के लिए मजबूर करती हैं।

Independence Day 2026

इस स्वतंत्रता दिव पर घर बैठे देखें ये 5 फिल्में-

1. रंग दे बसंती

-अगर स्वतंत्रता दिवस पर ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसमें देशभक्ति के साथ दोस्ती, युवा सोच और बदलाव की कहानी भी हो, तो आमिर खान की 'रंग दे बसंती' एक बेहतरीन ऑप्शन है। राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी ये फिल्म साल 2006 में रिलीज हुई थी। इसमें आमिर खान के साथ सिद्धार्थ, कुणाल कपूर, शरमन जोशी, आर. माधवन, सोहा अली खान और अतुल कुलकर्णी जैसे कलाकार नजर आए थे।

-फिल्म की कहानी कुछ ऐसे युवाओं के इर्द-गिर्द घूमती है,जो शुरुआत में देश और राजनीति को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं होते लेकिन जब उनका सामना स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियों और अपने आसपास होने वाली घटनाओं से होता है, तो उनकी सोच पूरी तरह बदल जाती है।

-'रंग दे बसंती' की खासियत ये है कि ये देशभक्ति को सिर्फ युद्ध या सीमा तक सीमित नहीं रखती। फिल्म युवाओं को अपने देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का मैसेज देती है। फिलहाल भारत में ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) और जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर उपलब्ध है।

2. शेरशाह

-अगर आपको भारतीय सेना और शहीद जवानों की वीरगाथा पर आधारित फिल्में पसंद हैं, तो सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह' स्वतंत्रता दिवस के लिए शानदार चुनाव है। विष्णुवर्धन के निर्देशन में बनी ये फिल्म कारगिल युद्ध के वीर कैप्टन विक्रम बत्रा की जिंदगी और उनके अद्भुत साहस से प्रेरित है।

-फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कैप्टन विक्रम बत्रा और उनके जुड़वां भाई विशाल बत्रा की भूमिका निभाई है, जबकि कियारा आडवाणी ने डिंपल चीमा का किरदार निभाया है। कहानी में विक्रम बत्रा के सेना में शामिल होने से लेकर कारगिल युद्ध में उनकी बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान तक के सफर को दिखाया गया है।

-'शेरशाह' में युद्ध के एक्शन के साथ विक्रम बत्रा की निजी जिंदगी और प्रेम कहानी को भी जगह दी गई है। यही वजह है कि फिल्म सिर्फ देशभक्ति के जज्बे को ही नहीं जगाती बल्कि इमोशनल भी करती है। ये फिल्म फिलहाल अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर उपलब्ध है।

3. सरदार उधम

-अगर आप स्वतंत्रता संग्राम के किसी ऐसे अध्याय को देखना चाहते हैं, जिसे पर्दे पर बेहद गंभीर और प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है, तो विक्की कौशल की 'सरदार उधम' जरूर देखें। शूजित सरकार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्की कौशल ने क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह का किरदार निभाया है। कहानी जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद उधम सिंह के जीवन पर पड़े गहरे प्रभाव और उनके लंबे संघर्ष को सामने लाती है।

-फिल्म में दिखाया गया है कि जलियांवाला बाग की त्रासदी ने उधम सिंह को किस तरह अंदर तक झकझोर दिया था। इसके बाद उन्होंने सालों तक संघर्ष किया और लंदन पहुंचकर माइकल ओ'ड्वायर की हत्या कर जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लिया।

-'सरदार उधम' एक सामान्य मसाला देशभक्ति फिल्म नहीं है। इसकी कहानी गंभीर, भावुक और कई जगह बेहद परेशान कर देने वाली है। अगर आप स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को एक अलग नजरिए से समझना चाहते हैं, तो ये फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। फिलहाल ये अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है और विज्ञापनों के साथ MX Player/Amazon MX Player पर भी उपलब्ध है।

4. स्वदेस

-देशभक्ति का मतलब सिर्फ सीमा पर लड़ना या दुश्मनों से मुकाबला करना नहीं होता। कभी-कभी अपने देश और समाज के लिए कुछ करने का फैसला भी देशप्रेम की बड़ी मिसाल बन जाता है। आशुतोष गोवारिकर की 'स्वदेस' इसी सोच को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारती है।

-शाहरुख खान की मुख्य भूमिका वाली ये फिल्म मोहन भार्गव नाम के एक एनआरआई वैज्ञानिक की कहानी है, जो अमेरिका में नासा के साथ काम करता है। वह कुछ समय के लिए भारत लौटता है और अपने गांव में रहने के दौरान वहां की समस्याओं को करीब से देखता है।

-इसके बाद उसके भीतर अपने देश और गांव के लोगों के लिए कुछ करने की इच्छा पैदा होती है। फिल्म बिजली, शिक्षा, जातिगत भेदभाव और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों को छूते हुए बताती है कि देश के लिए योगदान देने के कई तरीके हो सकते हैं।

'स्वदेस' उन फिल्मों में से है जो बिना जोरदार भाषणों और युद्ध के दृश्यों के भी दर्शकों के भीतर देशप्रेम की भावना पैदा कर देती है। जानकारी के अनुसार ये फिल्म भारत में नेटफ्लिक्स (Netflix) पर उपलब्ध है।

5. द लीजेंड ऑफ भगत सिंह

-स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अगर आप भारत के महान क्रांतिकारी भगत सिंह की कहानी देखना चाहते हैं, तो अजय देवगन की 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' एक शानदार ऑप्शन है। साल 2002 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया था और अजय देवगन ने भगत सिंह की भूमिका निभाई थी। फिल्म भगत सिंह के बचपन से लेकर उनके क्रांतिकारी जीवन और देश की आजादी के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान तक की कहानी को सामने लाती है।

-ये फिल्म सिर्फ भगत सिंह की बहादुरी नहीं दिखाती बल्कि उनकी विचारधारा और देश की आजादी को लेकर उनके नजरिए को भी समझने की कोशिश करती है। फिल्म में सुखदेव, राजगुरु और चंद्रशेखर आजाद जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका भी कहानी का अहम हिस्सा है।

-जानकारी के अनुसार 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' अमेजन प्राइम वीडियो और Tata Play पर उपलब्ध है। इसके अलावा विज्ञापनों के साथ इसे ShemarooMe और MX Player/Amazon MX Player पर भी देखा जा सकता है।

इस स्वतंत्रता दिवस किस फिल्म से करें शुरुआत?

-अगर आपको युवा और मॉडर्न अंदाज में देशभक्ति देखनी है तो 'रंग दे बसंती' चुनें। सेना और कारगिल युद्ध की वीरगाथा पसंद है तो 'शेरशाह' आपके लिए है। स्वतंत्रता संग्राम के एक अनसुने और गंभीर अध्याय को देखना चाहते हैं तो 'सरदार उधम' बेहतर विकल्प है। वहीं देश के विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी को समझने के लिए 'स्वदेस' जरूर देखें। अगर आप भगत सिंह के जीवन और विचारों को पर्दे पर देखना चाहते हैं तो 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' आपकी वॉचलिस्ट में होनी चाहिए।

-स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक छुट्टी नहीं बल्कि उन अनगिनत लोगों के बलिदान को याद करने का दिन है, जिनकी वजह से आज हम आजाद देश में सांस ले रहे हैं। ऐसे में देशभक्ति फिल्मों को देखना इस खास दिन को यादगार बनाने का एक अच्छा तरीका हो सकता है। इस साल 15 अगस्त पर अगर आप घर बैठे OTT पर फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो 'रंग दे बसंती', 'शेरशाह', 'सरदार उधम', 'स्वदेस' और 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' में से कोई भी फिल्म चुन सकते हैं।