Independence Day: खेलों में भी भारत से पीछे पाकिस्तान, आजादी के 79 सालों में मेडल टैली में अव्वल

India In SportsImage Credit source: AI Generated
भारत और पाकिस्तान… कभी सिर्फ एक जमीन और एक जान. मगर अगस्त 1947 में सबकुछ बदल गया. मोहम्मद अली जिन्ना की सांप्रदायिक जिद का फायदा उठाकर अंग्रेजों ने इस जमीन अखंड भारत को बांट दिया. तब सिर्फ दो देश ही अलग नहीं हुए बल्कि दो सोच, विचारधाराएं और समाज भी बंट गए, जो आगे चलकर बिल्कुल विपरीत दिशाओं में चले. ये सिर्फ समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के स्तर पर ही नहीं बल्कि खेलों के स्तर पर भी हुआ और आज तक जारी है. देश की आजादी और बंटवारे के 79 साल पूरे हो गए हैं और इन 79 सालों में खेलों के मोर्चे पर भी भारत ने पाकिस्तान को मीलों पीछे छोड़ दिया.
इस 15 अगस्त को जब लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा फहराएंगे, तो पूरा देश जश्न मनाएगा. इस जश्न के साथ ही गर्व भी किया जाएगा, जो कुछ भी देश ने इन 79 सालों में हासिल किया है. इस हासिल में खेलों की दुनिया में बढ़ती पहचान भी है, जहां सैकड़ों भारतीय एथलीटों ने मान बढ़ाया है. भले ही हर खेल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर पर नजरें रहती हों लेकिन मुकाबला कहीं रह ही नहीं गया है और बात क्रिकेट या हॉकी से बहुत आगे बढ़ चुकी है.
ओलंपिक में भारत काफी आगे
क्रिकेट और हॉकी में भारत-पाकिस्तान की टक्करें और रिकॉर्ड काफी करीबी रहे हों लेकिन जब बात ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स और हाल ही में खत्म हुए कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे मल्टी स्पोर्ट इवेंट की आती है तो इस टक्कर में पाकिस्तान कहीं भी भारत के आस-पास भी नहीं टिकता. आंकड़े बताते हैं कि ओलंपिक गेम्स में भारत ने जहां 10 गोल्ड मेडल समेत कुल 41 मेडल जीते हैं तो वहीं पाकिस्तान ने कुल जमा 11 ही मेडल जीते हैं, जिसमें 4 गोल्ड शामिल हैं.

कॉमनवेल्थ गेम्स में तो कोई टक्कर ही नहीं
ओलंपिक तो माना बहुत मुश्किल स्तर है लेकिन कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के स्तर पर भी भारत ने लगातार प्रदर्शन बेहतर किया और लंबी छलांग लगाई है. हाल ही में ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में जहां भारत ने 39 मेडल जीते तो वहीं पाकिस्तान को सिर्फ 1 मेडल मिला. यही कहानी सालों से चली आ रही है. यही कारण है कि ओवरऑल CWG मेडल टैली में जहां भारत के 215 गोल्ड मेडल समेत कुल 705 मेडल हैं तो वहीं पाकिस्तान के 27 गोल्ड समेत कुल 83 मेडल हैं.

एशिया में भी भारत को पाकिस्तान पर बढ़त
एशियन गेम्स में भी कहानी भला कैसे अलग हो सकती है. यहां पाकिस्तान के मेडल की संख्या तो बढ़ी है लेकिन फिर भारत की झोली में भी भर-भर के मेडल आए हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक आयोजित हुए सभी एशियन गेम्स में कुल मिलाकर भारती खिलाड़ियों ने 183 गोल्ड मेडल समेत कुल 778 पदक जीते हैं. वहीं पाकिस्तान की झोली में 207 पदक आए हैं, जिसमें सिर्फ 44 स्वर्ण पदक हैं. यानि साफ है कि इन 79 सालों में देश ने सिर्फ आर्थिक-सामाजिक मोर्चों पर ही नहीं, बल्कि हर स्तर पर आगे बढ़ने की ही कोशिश की है, जबकि पाकिस्तान बराबरी तो दूर, पास भी नहीं पहुंच पाया है.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More