संसद में सियासी संग्राम तेज: INDIA गठबंधन ने सरकार को घेरने का बनाया मास्टर प्लान; लोकसभा-राज्यसभा स्थगित
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को संसद भवन में INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में संसद के मौजूदा मानसून सत्र की रणनीति, सदन में विपक्ष की भूमिका और विभिन्न अहम मुद्दों पर सरकार को घेरने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। गठबंधन के प्रमुख दलों के नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया और आगामी कार्यवाही के दौरान साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई। बैठक में संसद के भीतर विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों, सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित कराने और लोकसभा तथा राज्यसभा में समन्वित तरीके से अपनी बात रखने पर विशेष जोर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, जनहित से जुड़े मुद्दों पर INDIA गठबंधन एकजुट होकर सरकार से जवाब मांगेगा और सदन के भीतर साझा रुख अपनाएगा।
संसद की कार्यवाही क्यों हुई स्थगित?
गुरुवार को संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। कार्यवाही शुरू होने से पहले लोकसभा में वर्ष 1945 में जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु बम हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही निर्धारित समय तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विज्ञापन
संसद परिसर में विपक्ष ने किस मुद्दे पर किया प्रदर्शन?
संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर की दान राशि में कथित गड़बड़ी और 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के कई सांसद 'चंदा चोर, गद्दी छोड़' लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे, जबकि अन्य विपक्षी सांसदों ने 'अमित शाह जवाब दो' लिखी तख्तियां हाथों में लेकर सरकार से जवाब मांगा।
विज्ञापन
विपक्ष लगातार किन मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है?
मानसून सत्र की शुरुआत से ही विपक्ष इन दोनों मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का आरोप है कि राम मंदिर की दान राशि के प्रबंधन में कथित वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। साथ ही, 20 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विपक्ष सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।
कांग्रेस ने लोकसभा में क्या मांग उठाई?
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर दिन का निर्धारित कार्य स्थगित कर छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने इस पूरे मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में विस्तृत बयान देने की भी मांग की।
संजय राउत ने 'राम विरोधी' वाले आरोप पर क्या कहा?
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राम मंदिर दान राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर विपक्ष के रुख का बचाव किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में कथित चोरी या दान राशि में गड़बड़ी पर सवाल उठाना किसी भी तरह से 'राम विरोधी' होना नहीं है।
ये भी पढ़ें: बंगाल में मस्जिदों के लाउडस्पीकर पर बवाल: ISF विधायक नौशाद सिद्दीकी की पुलिस को चुनौती; कहा- लिखित आदेश दिखाइए
किरण रिजिजू के आरोपों पर राउत ने कैसे पलटवार किया?
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने एक दिन पहले कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और समाजवादी पार्टी (सपा) पर संसद में यह मुद्दा उठाने को लेकर 'भगवान राम विरोधी' होने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में संजय राउत ने कहा कि अगर राम मंदिर में कथित चोरी हुई है तो क्या इसके लिए भगवान राम जिम्मेदार हैं? हमने चोरी का मुद्दा उठाया और हमें राम विरोधी कहा जा रहा है। यह कैसा हिंदुत्व है? कथित तौर पर दान पेटियों से पैसे, आभूषण और माता सीता का मंगलसूत्र तक चोरी होने की बातें सामने आईं। हमने इन्हीं सवालों को उठाया, लेकिन हमें ही राम विरोधी बताया जा रहा है, जबकि जिन पर आरोप हैं, उन्हें राम भक्त के रूप में पेश किया जा रहा है।