Indore Mid-Day Meal: इंदौर में मिड-डे मील खाने से 38 बच्चे बीमार, पेट दर्द-चक्कर की शिकायत, 23 अस्पताल में भर्ती
Indore Mid Day Meal: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर में मिड-डे मील खाने से 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सांवेर के धरमपुर में शनिवार को बच्चों ने भोजन करने के कुछ देर बाद पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की। उन्हें इलाज के लिए इंदौर के अरविंद अस्पताल लाया गया, इनमें से 23 बच्चों को भर्ती कर लिया गया है। चार बच्चों की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
डॉक्टरों के अनुसार किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं है। सभी को करीब 6 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
कढ़ी-चावल खाने से बिगड़ी तबीयत
घटना सांवेर के ग्राम सिंहाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय की है। शनिवार को स्कूल में दोपहर करीब 1:30 बजे बच्चों को मिड-डे मील के तहत कढ़ी-चावल परोसे गए थे। खाना खाने के कुछ समय बाद एक-एककर बच्चे तबीयत खराब होने की शिकायत करने लगे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पेरेंट्स को बुलाया और बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी
एक साथ 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। अब भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मिड-डे मील भोजन के सैंपल की जांच और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासनिक टीम ने जांच शुरू की
प्रशासन की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भोजन कहां तैयार किया गया, स्कूल तक कैसे पहुंचा और बच्चों को परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच हुई थी या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
डॉक्टर ने कहा- सभी बच्चे खतरे से बाहर
अरविंद अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, भर्ती बच्चों की फिलहाल हालत स्थिर है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। इनमें एक बच्ची को तीन दिन से बुखार भी था। डॉक्टर बच्चों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
पेरेंट्स अस्पताल पहुंचे
बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल सभी का इलाज डॉक्टर्स की निगरानी में चल रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अलर्ट है और जानकारी जुटा रही है।
जून में भी ऐसा ही मामला सामने आया था
इंदौर में स्कूल के भोजन की गुणवत्ता को लेकर जून 2026 में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। शिशुकुंज स्कूल में बड़ी संख्या में मिड-डे मील खाने से बच्चे बीमार हो गए थे। इसके बाद प्रशासन ने स्कूल की रसोई सील कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने की बात भी सामने आई थी।
ये खबर भी पढ़ें: MP Samvida Employees: मध्यप्रदेश में 2.50 लाख कर्मचारियों को मिलेगा ग्रेच्युटी-अनुकंपा नियुक्ति का लाभ, संगठन बोले- 3 साल हो गए, कब तक इंतजार ?
सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर: TET Exam: शिक्षकों के पास 31 अगस्त तक का समय, सुप्रीम कोर्ट ने तय की डेडलाइन, नौकरी और प्रमोशन पर पड़ सकता है असर, जानें डिटेल