Indore Suicide: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या, 15 दिन पहले ही आया था कोचिंग करने - Haribhoomi
इंदौर के भंवरकुआ क्षेत्र में एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र प्रियांश ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 15 दिन पहले ही कोचिंग के लिए इंदौर आया था।
इंदौर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या
- Published: 04 Aug 2026, 11:35 AM IST
- Last Updated: 04 Aug 2026, 11:35 AM IST
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक 18 वर्षीय छात्र ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना भंवरकुआ थाना क्षेत्र की है। छात्र करीब 15 दिन पहले ही एसएससी परीक्षा की तैयारी के लिए इंदौर आया था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
किराए के कमरे में रह रहा था प्रियांश
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रियांश (18) पुत्र अजीत कौरव निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी, गाडरवाड़ा (नरसिंहपुर) के रूप में हुई है। वह एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए भंवरकुआ क्षेत्र में अपने तीन दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम प्रियांश के दो दोस्त कोचिंग क्लास के लिए चले गए थे, जबकि तीसरा दोस्त किसी परिचित से मिलने बाहर निकला था। उस समय प्रियांश कमरे में अकेला था। जब दोनों दोस्त कोचिंग से लौटे तो उन्होंने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा।
जांच के बाद उसे मृत घोषित
दोस्तों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि प्रियांश को इंदौर आए अभी करीब 15 दिन ही हुए थे। वह कोचिंग में डेमो क्लास ले रहा था, लेकिन उसका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था। उसने हाल ही में अपने माता-पिता से फोन पर बात कर घर लौटने की इच्छा भी जताई थी। परिजनों ने उसे वापस आने के लिए कह दिया था, लेकिन उससे पहले ही उसने यह कदम उठा लिया।
सूचना मिलने के बाद परिजन इंदौर पहुंच गए
प्रियांश किसान परिवार से था। परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई है, जो भोपाल में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन इंदौर पहुंच गए। भंवरकुआ थाना पुलिस ने बताया कि कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और दोस्तों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।