Instagram का नया फीचर: अब पोस्ट करने के बाद भी बदल सकेंगे गाने, नहीं होंगे Likes और Comments गायब

Image

अब पोस्ट डिलीट करने की नहीं पड़ेगी जरूरत/Photo-Meta

Instagram ने अपने क्रिएटर्स और आम यूजर्स के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिससे अब पब्लिश हो चुकी Feed Posts और Carousel Posts में भी म्यूजिक बदला जा सकेगा। कंपनी ने इस फीचर को Replace Audio नाम दिया है। इसकी मदद से यूजर्स बिना पोस्ट डिलीट किए या दोबारा अपलोड किए, किसी भी पोस्ट का ऑडियो ट्रैक बदल सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि ऐसा करने पर पोस्ट के Likes, Comments, Shares और Reach पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

अब पोस्ट डिलीट करने की नहीं पड़ेगी जरूरत

अब तक अगर किसी यूजर को पोस्ट में लगा हुआ गाना बदलना होता था, तो उसे पूरी पोस्ट डिलीट करके दोबारा अपलोड करना पड़ता था। ऐसा करने से पोस्ट पर मिले लाइक्स, कमेंट्स और अन्य एंगेजमेंट भी खत्म हो जाते थे। Instagram के नए Replace Audio फीचर के बाद यह परेशानी खत्म हो गई है। अब यूजर्स किसी भी पुराने पोस्ट का म्यूजिक बदल सकते हैं और उनकी पोस्ट का पूरा एंगेजमेंट सुरक्षित रहेगा।

ऐसे बदल सकते हैं पोस्ट का म्यूजिक

Instagram ने इस फीचर को इस्तेमाल करना भी बेहद आसान बनाया है।

  • जिस पोस्ट का म्यूजिक बदलना है, उसे खोलें।
  • ऊपर दाईं ओर दिए गए दो लाइन वाले मेन्यू पर टैप करें।
  • Edit विकल्प चुनें।
  • इसके बाद Replace Audio पर टैप करें।
  • अब अपनी पसंद का नया गाना चुनकर सेव कर दें।
  • इसके बाद पोस्ट का पुराना ऑडियो नए ट्रैक से बदल जाएगा।

क्रिएटर्स और ब्रांड्स को मिलेगा बड़ा फायदा

यह फीचर खास तौर पर Content Creators और Brands के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। अब वे पुराने पोस्ट में नए ट्रेंडिंग गाने जोड़ सकते हैं, बिना पोस्ट की लोकप्रियता खोए। इसके अलावा अगर किसी गाने का ट्रेंड खत्म हो जाए या कोई नया म्यूजिक ट्रेंड वायरल हो जाए, तो पुराने कंटेंट को भी आसानी से अपडेट किया जा सकेगा।

इस हफ्ते से शुरू हुआ रोलआउट

Instagram ने पुष्टि की है कि Replace Audio फीचर का रोलआउट इसी सप्ताह शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में यह सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा। बता दें कि Meta के स्वामित्व वाला Instagram पिछले कुछ महीनों से लगातार नए क्रिएटर-केंद्रित फीचर जोड़ रहा है। हाल ही में कंपनी ने Carousel Posts के लिए Slide-specific Captions फीचर लॉन्च किया था, जिससे अब हर स्लाइड पर अलग-अलग कैप्शन जोड़े जा सकते हैं।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर नए Profile Customisation विकल्प भी दिए गए हैं। इसी साल Instagram ने Instagram Instants फीचर भी पेश किया था, जिसके जरिए यूजर्स Snapchat की तरह गायब हो जाने वाली (Disappearing) फोटो अपने दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ शेयर कर सकते हैं।

Pradeep Pandey

प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Tech-Gadgets

End of Article