भारतीय खिलाड़ियों पर लगा बड़ा आरोप, पैसे की लालच में चोट छिपाकर खेलते हैं IPL

Image

भारतीय खिलाड़ियों पर बड़ा आरोप (फोटो साभार- BCCI)

टीम इंडिया श्रीलंका दौरे से पहले चोटों से जूझ रही है और इसी बीच BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से एक बड़ी बात सामने आई है। CoE से जुड़े एक सूत्र ने कहा है कि IPL में फ्रेंचाइजी और आर्थिक दबाव के चलते खिलाड़ी चोटिल होने के बाद भी मैदान पर उतर रहे हैं, और बाद में उन्हें रिहैब के लिए सीधे CoE भेज दिया जा रहा है। रविवार को बेंगलुरु में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये मुद्दा उठा। वहां VVS लक्ष्मण, BCCI सचिव देवजीत सैकिया और अध्यक्ष मिथुन मनहास भी मौजूद थे।

'पैसे के दबाव में IPL खेलते हैं खिलाड़ी'

ANI से बात करते हुए CoE के सूत्र ने कहा, "क्रिकेट बहुत ज्यादा हो गया है। शरीर की अपनी एक सीमा होती है। खासकर सीनियर खिलाड़ियों में ओवरयूज और स्ट्रेस इंजरी कब ठीक होंगी, ये कहना मुश्किल है। IPL में खिलाड़ी टीम और पैसे के दबाव में फिटनेस को दरकिनार करके खेलते हैं। फिर बिना जानकारी के उन्हें CoE के फिजियो को सौंप दिया जाता है। टीम और CoE दोनों के फिजियो पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं और खिलाड़ियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। लेकिन इस वजह से चयनकर्ताओं, कोच और कप्तान के लिए प्लानिंग करना मुश्किल हो जाता है।"

15 अगस्त से श्रीलंका सीरीज

गौरतलब है कि भारतीय टीम श्रीलंका के गाले में 15 अगस्त से 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जा रही है। हालांकि, टीम के कई खिलाड़ी इंजर्ड हैं और कुछ इंजर्ड हो रहे हैं। इसमें सबसे लेटेस्ट नाम साई सुदर्शन का है। पिछले महीने इंडिया A के लिए श्रीलंका A के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उनके पैर के अंगूठे में चोट लगी थी। उस सीरीज में उन्होंने दोनों मैचों में सेंचुरी लगाई थी। अभी वो बेंगलुरु में CoE में रिहैब कर रहे हैं। इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल को लेकर भी हल्की चिंता है। कोलंबो में अभ्यास मैच से पहले नेट में उनकी दाएं हाथ की उंगली में चोट लगी थी। वो पहले दिन फील्डिंग के लिए नहीं उतरे, हालांकि अच्छी बात यह है कि वह अभी टीम से बाहर नहीं हुए हैं। अभ्यास मैच के तीसरे दिन वह बैटिंग करने उतरे थे।

कौन- कौन खिलाड़ी चोटिल

जसप्रीत बुमराह: कार्डिफ में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में बाएं घुटने में दिक्कत। रिकवर नहीं कर पाए। उनकी जगह औकिब नबी को टीम में लिया गया है।

हर्षित राणा: दाएं घुटने की लिगामेंट सर्जरी के बाद वापसी कर रहे थे, अब बाएं हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-1 खिंचाव। वो टी20 वर्ल्ड कप 2026 और IPL 2026 भी मिस कर चुके हैं।

नितीश कुमार रेड्डी: जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में बाएं क्वाड्रिसेप्स इंजरी। आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे का व्हाइट बॉल दौरा मिस किया।

वॉशिंगटन सुंदर: हैमस्ट्रिंग की वजह से पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे।

आकाश दीप: पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन, अभी उपलब्ध नहीं।

CoE और टीम के बीच तालमेल पर सवाल

इतनी चोटों के बाद CoE, टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं के बीच कोऑर्डिनेशन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि VVS लक्ष्मण पहले कह चुके हैं कि खिलाड़ियों की फिटनेस और रिहैब को लेकर सभी के बीच लगातार बातचीत हो रही है।

श्रीलंका सीरीज में भारत की टेस्ट टीम:

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।

Aditya Sahu

आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article