वैभव सूर्यवंशी को पहली बॉल पर किया आउट, IPL डेब्यू पर रचा इतिहास, अब BCCI ने दिया बड़ा मौका

प्रफुल हिंगे को इंडिया ए में मिला मौका. (फोटो- PTI)
Praful Hinge In India A Squad: आईपीएल 2026 में अपनी घातक और सटीक तेज गेंदबाजी से रातों-रात सनसनी बनने वाले विदर्भ के 24 साल के तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे को उनकी मेहनत का सबसे बड़ा इनाम मिला है. भारतीय सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पुडुचेरी में होने वाले दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए घोषित इंडिया ए टीम में प्रफुल हिंगे को पहली बार शामिल किया है. प्रफुल हिंगे ने आईपीएल डेब्यू पर वैभव सूर्यवंशी का आउट करके सुर्खियां बटोरी थीं.
IPL डेब्यू पर ही प्रफुल हिंगे ने रचा था इतिहास
IPL 2026 में जब प्रफुल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से डेब्यू कर रहे थे, तब घरेलू क्रिकेट के कुछ फॉलोअर्स के अलावा उन्हें शायद ही कोई जानता था. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचने तक इंस्टाग्राम पर उनके करीब 6000 फॉलोअर्स थे, लेकिन उस रात के बाद पूरा क्रिकेट जगत इस युवा सनसनी के नाम की चर्चा करने लगा था.
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू करते हुए प्रफुल हिंगे ने दूसरी पारी का पहला ओवर फेंकते ही आईपीएल इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया. वो आईपीएल इतिहास में किसी पारी के पहले ही ओवर में 3 विकेट झटकने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने. इस दौरान ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने सबसे चर्चित युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन भेज दिया. फिर इसी ओवर के अंत तक उन्होंने ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को भी चलता कर राजस्थान की कमर तोड़ दी. मैच में 34 रन देकर 4 विकेट झटकने वाले हिंगे को उनके ड्रीम डेब्यू के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
2000 से भी कम गेंदों में झटके 47 विकेट
प्रफुल हिंगे ने अपने छोटे से करियर में गेंद से लगातार कहर बरपाया है. तीनों फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने सिर्फ 1,995 गेंदों में 47 विकेट अपने नाम किए हैं. उन्होंने 10 फर्स्ट क्लास मैचों की 19 पारियों में 1515 गेंदें फेंककर 26.66 के औसत से 27 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, लिस्ट ए की 6 पारियों में 300 गेंदें फेंककर 5 विकेट लिए हैं. टी20 की 8 पारियों में वो 15 विकेट झटक चुके हैं, जहां उनका स्ट्राइक रेट हर 12वीं गेंद पर विकेट लेने का रहा है.
आईपीएल के जादुई डेब्यू के बाद भी प्रफुल ने अपनी लय बनाए रखी थी, जिसके चलते वो इंडिया ए तक का सफर तय करने में कामयाब रहे हैं. आईपीएल के बाद उन्होंने विदर्भ प्रो टी20 लीग में शिरकत की और वहां भी 8 बल्लेबाजों का शिकार किया. इसके बाद उन्हें बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अंडर-25 इमर्जिंग मुकाबले खेलने के लिए बुलाया गया. अब वो देवदत्त पडिक्कल की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ए का सामना करते नजर आएंगे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More