IPL में दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम, DC के आशुतोष शर्मा चले इंग्लैंड, हैम्पशायर से खेलेंगे वनडे कप - India TV Hindi

IPL में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले भारतीय ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा अब इंग्लैंड की धरती पर भी अपना दम दिखाते नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स के इस स्टार खिलाड़ी को इंग्लिश काउंटी क्लब हैम्पशायर ने वनडे कप के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। क्लब ने सोमवार यानी 20 जुलाई को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

27 साल के आशुतोष शर्मा पिछले दो IPL सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स और हैम्पशायर दोनों का स्वामित्व GMR समूह के पास है, ऐसे में यह करार दोनों पक्षों के लिए अहम माना जा रहा है।आशुतोष एक आक्रामक बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं। उन्होंने पिछले दो IPL सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 375 से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 31.25 और स्ट्राइक रेट 170 का रहा, जिसने उन्हें लीग के सबसे खतरनाक फिनिशरों में शामिल कर दिया।

11 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड

आशुतोष के नाम भारतीय T20 क्रिकेट का एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 2023 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज T20 फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया था।

हैम्पशायर के क्रिकेट निदेशक गाइल्स व्हाइट ने आशुतोष के जुड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हम वनडे कप के लिए आशुतोष को टीम में शामिल कर बेहद खुश हैं। वह शानदार संभावनाओं वाले खिलाड़ी हैं और हाल के सालों में दिल्ली कैपिटल्स के लिए IPL में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्हें बड़े मंच पर खेलने का अनुभव है। हमें उम्मीद है कि वह हैम्पशायर की जर्सी में भी अपनी छाप छोड़ेंगे और टीम को पिछले सीजन से एक कदम आगे ले जाने में मदद करेंगे।

लिस्ट-ए क्रिकेट में 21 मैचों का अनुभव

अगर आशुतोष के घरेलू करियर पर नजर डालें तो उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 21 मैचों में 458 रन बनाए हैं। उन्होंने 2017 में मध्य प्रदेश से अपने घरेलू करियर की शुरुआत की थी और अब तक तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 91 मुकाबले खेल चुके हैं। फिलहाल वह घरेलू क्रिकेट में रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हैं।

IPL में आशुतोष के सफर की शुरुआत पंजाब किंग्स से हुई थी। उन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अपना डेब्यू करते हुए 17 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली थी। इसके बाद IPL 2025 की नीलामी से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 3.80 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। अब इंग्लैंड के घरेलू वनडे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर वह इंटरनेशनल लेवल पर अपनी दावेदारी और मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ें:

रोहित शर्मा के एक शतक ने बढ़ा दिया उनका क्रिकेट करियर, हिटमैन अब कब खेलेंगे इंटरनेशनल मुकाबला

इंग्लैंड से हारकर टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, टॉप की कुर्सी खतरे में पड़ी

Latest Cricket News

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।