टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही, IPL में भी गिल ने दिए कम मौके, वो इंग्लैंड में उड़ा रहा स्टंप्स-VIDEO

टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही, IPL में भी गिल ने दिए कम मौके, वो इंग्लैंड में उड़ा रहा स्टंप्स-VIDEO

काउंटी डेब्यू में साई किशोर ने प्रभावित कियाImage Credit source: Getty Images

भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए घरेलू क्रिकेट में कड़ा कम्पटीशन देखने को मिलता है. ऐसे में कई प्रतिभाशाली और जबरदस्त रिकॉर्ड वाले खिलाड़ी भी अपनी जगह नहीं बना पाते. टीम इंडिया में भले मौका न मिले लेकिन ऐसे खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी टीमों के लिए कमाल करते हैं. मगर एक खिलाड़ी ऐसा भी है, जिसे टीम इंडिया में जगह का दावेदार माना जाता है लेकिन टेस्ट क्रिकेट तो दूर, उसे IPL तक में भी सही से मौके नहीं मिलते. बात हो रही है तमिलाडु के अनुभवी स्पिनर आर साई किशोर की, जिन्होंने इंग्लैंड में अपने पहले ही मैच में कमाल की गेंदबाजी की.

काउंटी डेब्यू में चमके साई किशोर

बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर ने हाल ही में इंग्लैंड के क्रिकेट क्लब ग्लूस्टरशर के लिए अपना काउंटी चैंपियनशिप डेब्यू किया. वूस्टरशर के खिलाफ इस मुकाबले में साई किशोर ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया. मैच की पहली पारी में साई किशोर की गेंदबाजी का वूस्टरशर के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. इस पारी में साई ने 30.2 ओवर में सिर्फ 76 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे.

Ball of the year contender @CountyChamp ? 🤯

Sai Kishore finishes with four wickets on his Gloucestershire debut! What a start to his Shire career! 🔥#BecomeGlorious pic.twitter.com/zyi8Z5lvap

— Gloucestershire Cricket (@Gloscricket) August 22, 2026

साई किशोर के इन विकेट की खासियत ये थी कि ये चारों टॉप-6 में शामिल बल्लेबाज थे, जिसमें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दो बल्लेबाज भी थे. हालांकि, दूसरी पारी में साई किशोर तो क्या ग्लूस्टर का कोई भी गेंदबाज कुछ भी असर नहीं डाल सका. वूस्टरशर ने 280 रन का लक्ष्य भी सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस पारी में साई किशोर ने 18 ओवर की गेंदबाजी में 79 रन दिए और कोई सफलता नहीं मिली. मगर पहली पारी में जैसी शुरुआत साई किशोर ने की, उससे उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में भी वो कमाल दिखाएंगे.

कैसा है साई का प्रदर्शन?

साई किशोर का ये प्रदर्शन उन्हें टीम इंडिया में जगह दिला सकेगा, ऐसा लगता नहीं है. मगर 54 फर्स्ट क्लास मैच के करियर में 24 की बेहतरीन औसत के साथ 223 विकेट लेने के बाद भी उन्हें आज तक टीम इंडिया से बुलावा नहीं आया है. ऐसे में उनका इंतजार जारी रहना तय है. वैसे भी साई किशोर को IPL में भी ऐसे ही हालातों का सामना करना पड़ा है, जहां CSK में 2-3 साल रहने के बावजूद उन्हें एक भी मैच में मौका नहीं मिला. वहीं शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस में 4 सीजन में वो सिर्फ 28 मैच खेल सके हैं, जिसमें 33 विकेट उन्हें मिले हैं. पिछले सीजन में तो उन्हें सिर्फ 3 मैच खिलाए गए थे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button