जल्द अमीर बनने के लिए युवक बना फर्जी IPS अफसर: 10वीं पास, पत्नी ने छोड़ा; इंस्टा पर जालंधर की लड़की फंसाई; फिर उसी की बहन ठगी - Jalandhar News
जालंधर की शाहकोट पुलिस ने फर्जी IPS अधिकारी बनकर ठगी करने वाले अनमोल रत्न के बारे में कई खुलासे किए। जल्दी अमीर बनने के चक्कर में अनमोल (30) ने अपने परिवार को भी नहीं छोड़ा। फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले ठग ने ठगी का ऐसा जाल बुना जिसमें अपने पिता, पत्नी
.
पुलिस के मुताबिक आरोपी सहित उसकी पत्नी मनदीप कौर, पिता बलजीत को गिरफ्तार किया है जबकि साला अभी फरार है। आरोपी को उसकी फोन लोकेशन के आधार पर पकड़ा। वह 10वीं क्लास तक पढ़ा है।। इसने 3 साल पहले अनाथ लड़की से शादी की। इसके बाद 2 साल की बच्ची को लेकर पत्नी छोड़कर चली गई।
पत्नी के जाने के बाद आरोपी इंस्टा पर जालंधर की रहने वाली मनदीप कौर के टच में आया। उसने खुद को IPS बताया। इससे प्रभावित होकर मनदीप उसके चक्कर में आ गई। बाद में दोनों ने लव मैरिज कर ली। वह भी ठगी में साथ देने लगी।
उसने पुलिस की वर्दी में पत्नी की प्रोफाइल बनाई और इसके फोटोज साली के साथ भी शेयर करने लगा। उसने साली से भर्ती के नाम पर 15 लाख रुपए ठग लिए। 16 लाख रुपए 3 अन्य लोगों से ठगे। ठगी के पैसों से उनसे आलीशान कोठी खरीदी। शोरूम खोला। साली की शिकायत पर पुलिस ने उसे पकड़ा।

आरोपी अनमोल ने मनदीप से लव मैरिज की थी।
9 पॉइंट में पढ़ें फर्जी IPS की पूरी कहानी…
- 10वीं पास, रहन-सहन अफसर जैसा: पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि अनमोल रत्न 10वीं क्लास तक ही पढ़ा है। उसके रहन-सहन और बात करने का तरीका तक IPS वाला सीख लिया था। इससे वो अपनी बातों से आसानी से लोगों को प्रभावित कर लेता।
- अनाथ लड़की से पहली शादी की: आरोपी अनमोल रत्न ने 2024 के करीब फतेहगढ़ साहिब के ही किसी गुरुद्वारा में रह रही अनाथ लड़की से शादी की। इसके बाद उसके घर बेटी ने जन्म लिया। अनमोल रत्न की हरकतों और ठगी वाले रवैए से परेशान होकर पत्नी 2 महीने की बच्ची को लेकर चली गई।
- इंस्टाग्राम पर IPS बन मनदीप से दोस्ती: पत्नी के छोड़कर जाने के बाद अनमोल ने इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बनाया। इसमें प्रोफाइल में IPS एड किया। करीब 2 साल पहले शाहकोट के गांव बाउपुर की लड़की मनदीप कौर को फॉलो किया और दोनों की आपस में बात होने लगी। इसने मनदीप को फर्जी आईडी कार्ड भेजा।
- लव मैरिज की, शाहकोट में रहने लगे: दोस्ती जब प्यार में बदली तो दोनों मिलने लगे। इसके बाद अनमोल ने मनदीप से शादी करने की बात घर पर बताई तो पिता नहीं माने। मनदीप के परिवार वाले भी शादी के लिए नहीं माने। करीब 1 साल पहले दोनों ने लव मैरिज करवा ली और शाहकोट में रहने लगे।

- अखबारों से कटिंग कर खुद का नाम लिखता: पूछताछ में पता चला है कि खुद को IPS अधिकारी स्थापित करने के लिए अनमोल दीप अखबारों से पुलिस कार्रवाई की न्यूज ढूंढता। इसके बाद इन कटिंग को एडिड करता और कार्रवाई में खुद का नाम लिख लेता। अपना फोटो भी लगा लेता। इसके बाद इन कटिंग को सोशल मीडिया पर शेयर कर देता ताकि लोगों को लगे कि वह IPS अधिकारी है।
- पत्नी को मनाकर साथ मिलाया: शादी के बाद भी अनमोल ने पत्नी को अपनी ठगी की भनक नहीं लगने दी। रोज तैयार होकर ऑफिस के लिए जाने लगा। शादी के करीब 2 महीने में ही पत्नी को अमनमोल रत्न पर शक हो गया। इसके बाद उसने भी अपना सच पत्नी को बता दिया और उसे ठगी में साथ देने के लिए मना लिया। पूछताछ में मनदीप ने भी माना कि शादी के बाद फर्जी IPS होने का पता चला। लेकिन वह उससे प्यार करने लग गई थी। जिससे चलते उसे छोड़ नहीं पाई।
- सबसे पहले साली को ठगा: अनमोल ने पहली बड़ी ठगी का शिकार अपनी साली रवीन कौर को बनाया। उसने पत्नी के पुलिस वर्दी वाले फोटो साली को शेयर करने शुरू किए और उसे बताया कि उसने मनदीप कौर को पुलिस में भर्ती करवा दिया है। अगर वह भी भर्ती होना चाहती हो तो वह करवा देगा। इसके लिए 15 लाख खर्च आएगा।

- मैसूर, चंडीगढ़ और बेंगलुरू घुमाता रहा: उसने साले को भी भर्ती करवाने का झांसा दिया। इस बीच साली और साले के संपर्क के भी 3 लोगों से 16 लाख रुपए ठग लिए। 31 लाख रुपए लेने के बाद जब साली और ठगी का शिकार 3 अन्य लोगों ने अनमोल से अपॉइंटमेंट लेटर मांगे तो वह उनको ट्रेनिंग करने के बहाने मैसूर ले गया। इसके बाद चंडीगढ़ और बेंगलुरु घुमाता रहा। लेकिन ट्रेनिंग कहीं भी नहीं करवाई।
- साली की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पकड़ा: जीजा की हरकतों पर साली रवीन को शक हुआ तो उसने बहन को बताया और सच सामने आ गया। इसके बाद रवीन ने थाना शाहकोट में अनमोल रत्न के खिलाफ ठगी की शिकायत दे दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो वह भागकर हुजूर साहिब चला गया। जहां से मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने उसे पकड़ा।