शताब्दी में एक्सपायरी ब्रेड परोसने पर मैनेजर समेत स्टाफ हटाया: वेंडर पर ₹1 लाख जुर्माना; भोपाल आ रही ट्रेन में 74 यात्री खा चुके थे ब्रेड - Bhopal News
दैनिक भास्कर की खबर का असर हुआ है। नई दिल्ली से रानी कमलापति (भोपाल) आ रही 12002 शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी डेट वाली ब्रेड परोसने के मामले में आईआरसीटीसी (IRCTC) ने बड़ी कार्रवाई की है। कैटरिंग वेंडर पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया
.
वहीं लापरवाही सामने आने पर मैनेजर समेत जिम्मेदार स्टाफ को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। कार्रवाई की पुष्टि आईआरसीटीसी नॉर्थ ज़ोन, नई दिल्ली के मैनेजर विवेक रावत ने दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में की।
IRCTC मैनेजर बोले- कोई समझौता स्वीकार नहीं
विवेक रावत ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। कार्रवाई केवल आर्थिक दंड तक सीमित नहीं रही। जांच में जिन कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय हुई, उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।

शताब्दी में परोसी गई एक्सपायरी डेट की ब्रेड।
दिल्ली से लोड हुआ था यात्रियों के लिए खाना आईआरसीटीसी के मुताबिक, शताब्दी एक्सप्रेस में भोजन दिल्ली से लोड किया गया था और संबंधित कैटरिंग वेंडर भी दिल्ली बेस का है। हालांकि एजेंसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन कार्रवाई उसी वेंडर के खिलाफ की गई है, जिसने भोजन उपलब्ध कराया था।
तीन स्तर की जांच के बावजूद पहुंची एक्सपायरी ब्रेड
रावत ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए सुबह दो बार निरीक्षण किया जाता है। ट्रेन में फूड लोडिंग के समय भी जांच होती है। इसके बावजूद एक्सपायरी ब्रेड यात्रियों तक कैसे पहुंची, इसकी जांच जारी है। शुरुआती तौर पर किसी पैकेट की जांच में चूक की आशंका जताई गई है।
भोपाल आते समय परोसी गई थी ब्रेड
शनिवार को 12002 नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी एक्सप्रेस के सी-4 कोच में यात्रियों को नाश्ते में ऐसी ब्रेड परोसी गई, जिसके पैकेट पर 'USE BY: 10/07/2026' लिखा था। कोच में मौजूद करीब 74 यात्रियों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, ने वह ब्रेड खा ली थी। एक्सपायरी डेट सामने आने के बाद यात्रियों ने रेल मदद ऐप पर शिकायत दर्ज कराई। कुछ यात्रियों ने ऑनलाइन उपभोक्ता आयोग में भी शिकायत करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ये खबर भी पढ़ें…
दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में एक्सपायरी ब्रेड परोसी

दिल्ली से भोपाल आ रही 12002 नई दिल्ली–रानी कमलापति शताब्दी एक्सप्रेस में शनिवार सुबह यात्रियों को नाश्ते में एक्सपायरी ब्रेड परोसने का मामला सामने आया। C-4 कोच के करीब 74 यात्रियों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे। सभी को ऐसी ब्रेड दी गई जिसकी यूज बाय डेट 10 जुलाई 2026 थी। ज्यादातर यात्री ब्रेड खा चुके थे। इसके बाद पैकेट पर तारीख देखकर ट्रेन में फूड पॉयजनिंग की आशंका हुई।पूरी खबर पढ़ें