IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च, लॉगिन से टिकट बुकिंग और पेमेंट तक क्या-क्या बदला? नए पोर्टल की बड़ी अपडेट
Published: Thursday, July 16, 2026, 16:52 [IST]
IRCTC New Website: ट्रेन से सफर करने वाले और टिकट बुकिंग वाले यात्रियों को रेलवे ने खुशखबरी दी है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानि IRCTC ने अपनी वेबसाइट का नया वर्जन लॉन्च कर दिया है।
फिलहाल इसका बीटा वर्जन लॉन्च किया गया है, यानी अभी कुछ यूजर्स ही इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इनके फीडबैक के आधार पर इसमें सुधार करेक सबके लिए तैयार किया जाएगा।
रेलवे की इस नई वेबसाइट में सिर्फ डिजाइन ही नहीं बदला है, बल्कि लॉगिन, टिकट सर्च, सीट अवेलेबिलिटी, टिकट बुकिंग, पेमेंट और यूजर इंटरफेस तक बड़े और मेजर बदलाव किए गए हैं। IRCTC के मुताबि- New IRCTC Website से टिकट बुकिंग पहले की अपेक्षा और ज्यादा आसान, तेज और स्मूद होगी।
कैसे मिलेगा नई IRCTC वेबसाइट का एक्सेस?
अगर आप नई वेबसाइट का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको सबसे पहले IRCTC की ऑफिसियल वेबसाइट पर जाएं।
- Home Page पर आपको ऊपर की ओर "Explore Beta Now" का ऑप्श दिखेगा।
- इस पर क्लिक करते ही आप सीधे नई बीटा वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे और नए इंटरफेस का अनुभव ले सकेंगे।
फिलहाल यह सुविधा टेस्टिंग के लिए शुरू की गई है। जिन यूजर्स को इसका एक्सेस मिलेगा, वे वेबसाइट का इस्तेमाल करने के साथ-साथ अपने सुझाव भी दे सकेंगे। टेस्टिंग पूरी होने के बाद IRCTC इसे सभी यात्रियों के लिए लॉन्च करेगा।
टिकट बुकिंग अब होगी पहले से ज्यादा आसान
New IRCTC Website में टिकट बुकिंग का पूरा प्रोसेस पहले के मुकाबले काफी आसान बनाया गया है। अब टिकट बुक करते समय बार-बार आने वाले कई सारे स्टेप्स को हटा दिया गया है, जिससे पूरा प्रोसेस कम समय में पूरा हो जाएगा। अब से यात्रियों को कम क्लिक में टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी और चेकआउट तेज होगा।
कैप्चा की झंझट हुई कम
IRCTC की पुरानी वेबसाइट पर सबसे बड़ी समस्या कैप्चा को लेकर ही थी। कई बार टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरना पड़ता था, जिससे काफी समय लग जाता था। नई वेबसाइट में कैप्चा को हटा दिया गया है। इससे यूजर्स को बार-बार वेरिफिकेशन नहीं करना पड़ेगा।
सीट अवेलेबिलिटी अब एक ही स्क्रीन पर
नई वेबसाइट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब यात्रियों को अलग-अलग ट्रैवल क्लास की सीट देखने के लिए बार-बार क्लिक नहीं करना पड़ेगा। अब स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी, फर्स्ट एसी और अन्य सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी।
परेशान करने वाले पॉप-अप हटाए गए
नई वेबसाइट में पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स को भी हटा दिया गया है। पुरानी वेबसाइट पर कई बार अचानक खुलने वाले पॉप-अप टिकट बुकिंग के दौरान परेशान करते थे। नए पोर्टल में इंटरफेस को साफ और आसान बनाया गया है ताकि यूजर बिना किसी रुकावट के अपनी टिकट बुक कर सके।
सेव किए गए यात्रियों की जानकारी अब आसानी से मिलेगी
IRCTC ने सेव किए गए पैसेंजर की जानकारी को भी बेहतर तरीके से इंटीग्रेट किया है। अब बार-बार एक ही यात्री की जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पहले से सेव पैसेंजर की डिटेल्स आसानी से उपलब्ध होंगी, जिससे दोबारा टिकट बुक करना काफी आसान हो जाएगा।
पेमेंट प्रोसेस भी हुआ आसान
नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग के बाद पेमेंट प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। कम स्टेप्स में पेमेंट का प्रासेस आसानी से पूरा किया जा सकेगा, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान समय की बचत होगी और ट्रांजैक्शन पहले से ज्यादा स्मूद रहेगा।
24 साल बाद बदला IRCTC का डिजाइन
IRCTC की मौजूदा वेबसाइट को पहली बार साल 2002 में लॉन्च किया गया था। पिछले 24 सालों में इंटरनेट, ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और मोबाइल तकनीक में काफी बदलाव आए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अब वेबसाइट को पूरी तरह नए अंदाज में डिजाइन किया गया है।
नई वेबसाइट में आधुनिक कलर थीम, साफ-सुथरा इंटरफेस और बेहतर नेविगेशन दिया गया है ताकि नए और पुराने दोनों तरह के यूजर्स आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
बीटा टेस्टिंग के बाद सभी को मिलेगा नया पोर्टल
फिलहाल नई वेबसाइट बीटा वर्जन में उपलब्ध है। IRCTC यूजर्स से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसमें जरूरी बदलाव करेगा। टेस्टिंग पूरी होने के बाद इस नए पोर्टल को सभी यात्रियों के लिए आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया जाएगा। जिससे हर दिन लाखों यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव मिलेगा।