सहारनपुर में ITBP के DIG की मौत: मसूरी से ट्रेनिंग करके लौट रहे थे, स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई; ड्राइवर की भी जान गई - Saharanpur News
हादसे के बाद DIG की स्कॉर्पियो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए।
सहारनपुर में शनिवार को हुए सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी की मौत हो गई। डीआईजी परमिंदर सिंह (48) उत्तराखंड के मसूरी में ट्रेनिंग खत्म कर हरियाणा के अंबाला जा रहे थे। कार उनका ड्राइवर रवि शंकर (35) चला रहा था। उसकी भी मौत हो गई
.
सुबह करीब 9 बजे देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा के पास डीआईजी की स्कॉर्पियो बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और उछलकर दूसरी लेन में चली गई। इस दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट कार से उसकी भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज हुई। स्विफ्ट कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो का साइड वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी लोग गाड़ियों में ही फंस गए। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने डीआईजी और उनके ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गनर जयराम की हालत गंभीर बनी है। स्विफ्ट कार सवार 3 लोग भी घायल हैं। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सरसावा थाना क्षेत्र के झबीरन कट के पास हुआ।
पहले तस्वीरें देखिए-

इसी स्कॉर्पियो से DIG परमिंदर सिंह अंबाला जा रहे थे।

यह वही स्विफ्ट कार है, जिससे स्कॉर्पियो की टक्कर हुई। कार का बोनट बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

डीएम अरविंद चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

डीआईजी परमिंदर सिंह के रिश्तेदार हरियाणा के यमुनानगर से पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे।

यह ITBP डीआईजी परमिंदर सिंह की तस्वीर है, जिनकी सड़क हादसे में मौत हो गई।
पंजाब के रहने वाले थे, श्रीनगर में तैनात थे
डीएम अरविंद चौहान ने बताया- डीआईजी परमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के रोपण (रूपनगर) के रहने वाले थे। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। परिवार में पत्नी सरबजीत कौर और 2 बेटे हैं। दोनों पढ़ रहे हैं। एक की उम्र 17 और दूसरे की 16 साल है।
डीआईजी मसूरी से ट्रेनिंग पूरी कर अपनी सरकारी स्कॉर्पयो (CH-01-GA-1502) से अंबाला जा रहे थे। आईटीबीपी के जवान रवि शंकर स्कॉर्पियो गाड़ी चला रहे थे। रवि सोना अर्जुनपुर (थाना ननौता, सहारनपुर) के रहने वाले थे।
रास्ते में स्कॉर्पियो की स्विफ्ट डिजायर (HR-05-AR-8620) से टक्कर हो गई।

हादसे में DIG परमिंदर सिंह के ड्राइवर रवि शंकर की भी मौत हो गई।
स्विफ्ट सवार 3 लोग घायल, महिला की हालत गंभीर
एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया- घायल स्विफ्ट कार में तीन लोग गुरुनानक सिंह (49), गुरुनाम सिंह (55) और महिला देवेंद्र कौर (55) सवार थे। तीनों घायल हैं। महिला की हालत गंभीर है। ये लोग हरियाणा के करनाल रहने वाले हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

डीआईजी की सरकारी कार को क्रेन की मदद से हाईवे के किनारे कराया गया।

----------------------------
ये खबर भी पढ़ें…
सेल्फी लेकर 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंका, आगरा में चलती बाइक पर भिड़े पति-पत्नी

आगरा में एक पिता ने पत्नी से झगड़े के बाद 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंक दिया। इससे पहले उसने बेटी के साथ सेल्फी भी ली। बेटी को फेंकने के बाद पिता अपनी पत्नी को नदी में धक्का देने लगा। महिला के चिल्लाने पर पुल से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। पढ़िए पूरी खबर