Jamtara News: KYC अपडेट के नाम पर साइबर ठगी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
Jamtara News: जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में करमाटांड़ थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:


साइबर अपराध थाना के डीएसपी अमित कुमार रविदास ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो निवासी जैकी कुमार मंडल, पिता रघुनाथ मंडल तथा पिण्डारी निवासी मोहम्मद अंसारी उर्फ गुलाम अंसारी, पिता स्वर्गीय रकाल मियां के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार जैकी कुमार मंडल कांड संख्या 69/25 में फरार चल रहा था. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की साइबर ठगी में संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली. आरोप है कि दोनों आरोपी आम लोगों को फोन कर बैंक खाते का KYC अपडेट कराने के नाम पर अपने झांसे में लेते थे. बातचीत के दौरान लोगों का विश्वास जीतने के बाद उनसे एटीएम कार्ड, बैंक खाता और अन्य बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी.
गोपनीय जानकारी हाथ लगने के बाद आरोपियों द्वारा संबंधित बैंक खातों से रकम की निकासी कर ठगी किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त किए हैं. बरामद मोबाइल और सिम की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े अन्य सुराग सामने आ सकें.
दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साइबर ठगी के नेटवर्क में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया और ठगी की रकम कितनी है, इसकी भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या KYC से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें. बैंक अथवा किसी वित्तीय संस्था के नाम पर फोन आने पर पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.