Janmashtami 2026 Bhog: जन्माष्टमी पर कान्हा के लिए बनाएं स्पेशल खीर, पढ़ें आसान रेसिपी

Sep 02, 2026 01:58 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

इस साल जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी। इस खास मौके पर भगवान श्रीकृष्ण के लिए आप स्पेशल खीर का भोग बनाकर तैयार कर सकते हैं। यहां सीखिए जन्माष्टमी स्पेशल भोग में खीर कैसे बनाए।

जन्माष्टमी हिंदू धर्म के सबसे खास त्योहारों में से एक है। इस साल ये त्योहार 4 सितंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन भक्त भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा करते हैं और श्रद्धापूर्वक उपवास रखते हैं। कथाओं के मुताबिक श्रीकृष्ण का जन्म मध्यरात्रि में हुआ था, इसलिए सभी भक्त रात में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूम-धाम से सेलिब्रेट करते हैं। इस पूरे दिन महिलाएं तरह-तरह के पकवान तैयार करती हैं। भोग के लिए कई तरह की मीठी चीजों को तैयार किया जाता है। ऐसे में आप जन्माष्टमी पर भोग के लिए स्पेशल खीर तैयार कर सकती हैं। यहां सीखिए जन्माष्टमी भोग के लिए स्पेशल खीर कैसे बनाएं।

भोग स्पेशल खीर बनाने के लिए सामग्री

1/4 कप चावल (20–30 मिनट तक भिगोया हुआ)

1 बड़ा चम्मच घी

1 तेज पत्ता

3–4, कुटी हुई इलायची

1 लीटर फुल-फैट दूध

आधा कप कंडेंस्ड मिल्क

आधा कप ड्राई फ्रूट्स कटे हुए

सजावट के लिए कटे हुए नट्स और गुलाब की पंखुड़ियां

भोग स्पेशल खीर बनाने का तरीका

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर भोग के लिए स्पेशल खीर बनाने के लिए सबसे पहले भारी तले वाले पैन में घी गरम करें। इसमें भीगे हुए चावल, तेज पत्ता और इलायची डालें। फिर धीमी-मध्यम आंच पर लगभग 2 मिनट तक भूनें जब तक कि अच्छी खुशबू न आने लगे। अब दूध डालें और मीडियम-धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें, जब तक कि चावल पूरी तरह से पक न जाएं या गाढ़ा और क्रीमी न हो जाए। फिर इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालें और अच्छी तरह मिलाएं। कम से कम 2 से 3 मिनट और पकाएं। फिर अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स को थोड़े से घी में सुनहरा और खुशबूदार होने तक भूनें। फिर इन्हें खीर में मिलाएं। अब कटे हुए नट्स और गुलाब की पंखुड़ियों से खीर को सजाएं और गरम या ठंडा परोसें।

टिप्स

- अगर खीर ज्यादा क्रीमी पसंद करते हैं तो फुल-फैट दूध इस्तेमाल करें इससे खीर ज्यादा क्रीमी बनेगी।

-चावल को 15–20 मिनट भिगोकर हल्का सा मसल लें। ऐसा करने से खीर जल्दी गाढ़ी होती है।

-दूध को धीमी आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि ये नीचे न चिपके।

-चावल डालने के बाद भी खीर को धीरे-धीरे पकाएं। जल्दबाजी में तेज आंच न रखें।

-अगर कंडेंस्ड मिल्क डाल रहे हैं को चीनी अवॉइड करें।

-थोड़ी-सी केसर अंत में डालें ताकि खुशबू अच्छी रहे और रंगत भी अच्छी आए।

-बादाम, पिस्ता और काजू डालते समय थोड़ा हिस्सा गार्निश के लिए बचा लें।

-खीर गैस बंद करने पर भी गाढ़ी होती है, इसलिए उसे बिल्कुल मनचाही गाढ़ाई तक पकाने की बजाय थोड़ा पतला ही उतारें।