अनंत सिंह बोले-नीरज ने मेरे घर AK-47 रखवाई: ललन सिंह और मेरा विरोध किया, तब पार्टी कहां थी; अब समझौता नहीं; पार्टी मीटिंग में नहीं पहुंचे - Patna News
पटना15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नीतीश कुमार की पार्टी JDU ने आज विधायकों-विधान पार्षदों की एक बैठक बुलाई। बैठक में सभी विधायकों और विधान पार्षदों को बुलाया गया था, लेकिन केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और मोकामा विधायक अनंत सिंह मीटिंग में शामिल नहीं हुए।
बैठक में उपस्थित नेताओं को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि जिस नीति और दिशा के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पार्टी को आगे बढ़ाया है। JDU उसी नीति और विचारधारा के साथ आगे बढ़ेगी। यानी गठबंधन अपनी जगह है, लेकिन पार्टी की राजनीतिक पहचान और नीतिगत फैसले अपनी जगह है।
मीटिंग के बाद पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि 2005 के पहले इकोनामिक फ्रंट पर जो बिहार की स्थिति थी, उसके बारे में बताया गया है। बिहार की इकॉनमी ग्रोथ और कहां कमी है, इन सब के बारे में बात हुई।
ललन सिंह के बैठक में नहीं शामिल होने पर उन्होंने कहा कि ये बैठक विधान मंडल दल की थी। सांसदों को नहीं बुलाया गया था। मेरी बात उनसे हो रही है, कल शाम में भी उनसे बातचीत हुई थी।
वहीं, अनंत सिंह से जब मीटिंग में नहीं आने की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ज्यादा जरूरी काम है, वहां जा रहे हैं। अनंत सिंह ने आज साफ तौर पर कहा कि नीरज कुमार ने मेरा और ललन सिंह का इलेक्शन में खुलकर विरोध किया था।
अनंत सिंह का दावा है कि नीरज कुमार ने उनके गांव वाले घर में AK-47 रखवाई थी और मुझे फंसाया था।

अनंत सिंह ने यह भी कहा कि ललन सिंह और मैं जब चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी के सिंबल पर लड़ते हैं। मेरे समर्थन से मुख्यमंत्री और ललन बाबू के समर्थन से प्रधानमंत्री बनाता है। नीरज के जीतने से किसी को क्या फायदा है। यह पार्टी का इलेक्शन नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि अगर पार्टी आपके और नीरज कुमार को लेकर सुलह की कोशिश करती है तो आप मान जाएंगे। इस पर अनंत सिंह ने साफ कहा कि अब कुछ नहीं होगा। मैं नीरज के खिलाफ हूं। उसे हराने के लिए जितनी ताकत है सब लगा दूंगा। उसकी जमानत जब्त होगी।
अनंत बोले- नीरज का नार्को टेस्ट हो
अनंत सिंह ने कहा कि जिस दिन मेरी और नीरज की जदयू दफ्तर में मीटिंग हुई थी, मैंने साफ तौर पर कहा था कि मेरे घर में AK-47 रखकर फंसाया गया। मैंने कहा था कि नीरज का नार्को टेस्ट हो सब सही बात सामने आ जाएगी।
जदयू मीटिंग के बाद अनंत सिंह के बयान पर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और मंत्री बुलो मंडल ने चुप्पी साध ली है। JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने भी अनंत के ऊपर कार्रवाई के सवाल पर कुछ नहीं कहा और निकल गए।
नीरज बोले- चरित्र हनन बर्दाश्त नहीं करेंगे
जदयू विधायक अनंत सिंह के आरोप पर JDU एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि बहुत लोग हमारे ऊपर आरोप लगा रहे हैं। अरे हम तो अपराधियों के लिए कहर हैं। गांगा में घुस कर भी कोई कहेगा तो लोग नहीं मानेंगे। घर में AK-47 रखवाने के आरोप पर नीरज कुमार ने कहा कि अगर उनके पास प्रमाण है कोर्ट जाना चाहिए। वहीं नार्को टेस्ट करवाने की बात पर कहा कि हिम्मत है तो कोर्ट में इसके लिए आवेदन दीजिए। एमएलसी चुनाव लड़ने पर कहा कि जो होगा वो पार्टी तय करेगी।

जब नीरज कुमार से पूछा गया कि अनंत सिंह ने कहा है कि आपकी जमानत जब्त करवा देंगे। इस पर जदयू एमएलसी ने कहा कि उनको जमानत लिखने आता होगा। क्योंकि वो जमानत लेते रहते हैं ना।
अब ये समझिए कि नीरज कुमार के खिलाफ आखिर अनंत सिंह के तेवर इतने तल्ख क्यों है
इसके जवाब के लिए आपको 11 साल पहले यानी 2015 के दौर में लौटना होगा…
- 24 जून 2015। पुटुस हत्याकांड में पटना के तत्कालीन SSP विकास वैभव ने JDU विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार किया। यह वह दौर था जब नीतीश कुमार और लालू यादव एक हो चुके थे और 5 महीने बाद विधानसभा चुनाव था।
- नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद अनंत सिंह पहली बार जेल गए थे। अनंत सिंह के करीबी इस कालखंड को उनका सबसे मुश्किल दौर बताते हैं। नवंबर 2015 में विधानसभा चुनाव हुआ तो JDU ने मोकामा सीट से अनंत सिंह को टिकट नहीं दिया। नीरज कुमार को कैंडिडेट बना दिया।
- अनंत सिंह जेल से ही निर्दलीय चुनाव लड़े और नीरज कुमार को 18,348 वोटों के अंतर से हरा दिया। इस चुनाव में नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर कई व्यक्तिगत हमले किए।
- 28 अक्टूबर 2015 को चुनाव प्रचार के दौरान नीरज ने कहा था, 'अनंत सिंह राजनीति के नासूर और आपराधिक गिरोह के सरगना हैं। कानून उनके दरवाजे पर दस्तक दे चुका है, अब वे अपने अंतिम दिन गिन रहे हैं।'
- जेल जाने के बाद अनंत सिंह ने JDU से नाता तोड़ लिया। करीब 2 साल बाद नवंबर 2017 में वह जेल से बाहर आए। इसके बाद उनकी नजदीकी RJD से बढ़ी।
- 2019 लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी को मुंगेर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर ललन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़वाया। हार गईं।
- इसके बाद अनंत सिंह का दूसरा सबसे कठिन समय 2019 लोकसभा चुनाव के बाद आया। अगस्त 2019 में उनके पैतृक आवास लदमा से AK-47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। इसके बाद उन पर UAPA के तहत केस दर्ज किया गया। इस केस में उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर किया।
- इस घटना के बाद नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर व्यक्तिगत हमला और तेज कर दिया। उन्होंने उनका नामकरण तक कर दिया। इंटरव्यू में उनको पुदिना सिंह कहकर संबोधित करने लगे।
- 2025 विधानसभा चुनाव से पहले अनंत सिंह वापस JDU में आ गए। इसको लेकर भी नीरज कुमार ने टिका-टिप्पणी की।
- पार्टी ने मोकामा से अनंत सिंह को चुनावी मैदान में उतारा तब नीरज कुमार प्रचार करने नहीं गए। उन्होंने कहा, ‘हम आपराधिक चरित्र वाले व्यक्ति के समर्थन में चुनाव प्रचार नहीं करेंगे।’
- चर्चा है यह भी है कि नीरज कुमार की दिली ख्वाहिश है कि वह मोकामा विधानसभा सीट से JDU के टिकट पर चुनाव लड़े और विधायक बने। चूंकि, नीरज कुमार मोकामा के ही रहने वाले हैं।

7 सितंबर की शाम पटना के JDU कार्यालय में इस विवाद को लेकर बैठक हुई थी। इसमें पार्टी की अंदरुनी लड़ाई को खत्म करने की कोशिश की गई।

.
खबरें और भी हैं...
PM का बर्थडे-दरभंगा में 5 लाख दीये जले: पटना का मरीन ड्राइव रौशनी से जगमगाया; रोहतास-भोजपुर समेत पूरे बिहार में BJP का जश्न
1:49- कॉपी लिंक
शेयर
दानापुर में चोरी की बाइक मॉडिफाई करते 4 युवक गिरफ्तार: शराब कारोबारियों को 5 से 10 हजार में बेचते थे, दो बाइक जब्त
1:30- कॉपी लिंक
शेयर
नौबतपुर में पिकअप से 160 किलो गांजा जब्त: 2 तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 80 लाख रुपए
0:56- कॉपी लिंक
शेयर
बख्तियारपुर स्टेशन पर सीढ़ी से फिसलकर युवक की मौत: पिता के साथ पॉलिटेक्निक में दाखिले के लिए जा रहा था 18 साल का रितिक

- कॉपी लिंक
शेयर