Jharkhand News: घर से खेलने निकले 2 सगे भाई, कुएं के पास मिले कपड़े-चप्पल; फिर मिली दोनों की लाश

झारखंड के सिमडेगा जिले के कुरडेग थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई. दोनों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे, लेकिन कई घंटे बाद भी वापस नहीं लौटे. परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर के पीछे स्थित कुएं के पास दोनों के कपड़े और चप्पलें मिलीं. इसके बाद कुएं में तलाश की गई, जहां दोनों बच्चों के शव बरामद हुए.

मृतकों की पहचान कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा बस्ती निवासी रवि शंकर कौंध के करीब 8 वर्षीय बेटे विष्णु कौंध और करीब 10 वर्षीय बेटे तुलसी कौंध के रूप में हुई है. एक ही परिवार के दो बच्चों की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

खेलने की बात कहकर घर से निकले थे

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई घर से खेलने की बात कहकर निकले थे. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई. परिजनों ने आसपास के इलाकों में दोनों की तलाश शुरू की. तलाश के दौरान घर के पीछे स्थित कुएं के पास दोनों बच्चों के कपड़े और चप्पलें लावारिस हालत में पड़े मिले. इससे परिजनों और ग्रामीणों को आशंका हुई कि दोनों कुएं में गिर गए होंगे.

ग्रामीणों ने कुएं से बाहर निकाला

आशंका के बाद स्थानीय युवकों ने कुएं में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की. कुछ देर बाद दोनों बच्चे पानी में डूबे मिले. ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. गांव में भी शोक का माहौल है.

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद कुरडेग थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी में दोनों बच्चों की मौत कुएं में डूबने से होने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक ही परिवार के दो मासूम भाइयों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button