Jharkhand News : निजी अस्पताल पर चला स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का चाबुक, ट्यूलिप हॉस्पिटल का लाइसेंस अंतरिम रूप से निलंबित

Jharkhand News : मरीज से दुर्व्यवहार के मामले में रांची के ट्यूलिप हॉस्पिटल पर बड़ी नियामकीय कार्रवाई, नए OPD-IPD मरीजों और नई इलेक्टिव सर्जरी पर रोक

Jharkhand News : झारखंड की राजधानी रांची से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मरीज के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर रिंग रोड स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल के खिलाफ बड़ी नियामकीय कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद अस्पताल के पंजीकरण/लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से अंतरिम रूप से निलंबित कर दिया गया है।

Jharkhand News : बताया गया है कि यह कार्रवाई 10 सितंबर 2026 को अस्पताल में हुई घटना के बाद की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने रांची के सिविल सर्जन को तत्काल जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद संबंधित प्रावधानों के तहत अस्पताल के पंजीकरण/लाइसेंस के अंतरिम निलंबन का आदेश जारी किया गया।

यह निलंबन विस्तृत जांच पूरी होने और सक्षम प्राधिकारी के अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

अंतरिम निलंबन के दौरान अस्पताल में कई नई स्वास्थ्य सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। आदेश के तहत अब अस्पताल में नए OPD मरीजों का पंजीकरण एवं इलाज, नए IPD मरीजों की भर्ती, नई इलेक्टिव सर्जरी और अन्य नई क्लिनिकल सेवाएं शुरू करने पर रोक रहेगी।

अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वह आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन करे और किसी भी प्रकार की नई भर्ती अथवा प्रतिबंधित चिकित्सा सेवा संचालित न करे।

हालांकि, पहले से अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज को लेकर सरकार ने मानवीय पक्ष को प्राथमिकता दी है। पहले से भर्ती मरीजों को इलाज के बीच में असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। अस्पताल प्रबंधन को इन मरीजों को आवश्यक और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते रहने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा, अस्पताल को भर्ती मरीजों की सूची प्रस्तुत करने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्पतालों तथा सक्षम प्राधिकारियों के समन्वय से मरीजों का सुरक्षित स्थानांतरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मामले की जांच में किसी तरह की बाधा न आए और घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को सभी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है।

इन रिकॉर्ड में मरीजों की केस शीट, OPD/IPD रजिस्टर, उपचार संबंधी दस्तावेज, सहमति पत्र, जांच रिपोर्ट, ड्यूटी रोस्टर, कर्मचारियों की उपस्थिति से जुड़े रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डेटा शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी रिकॉर्ड को बदलने, नष्ट करने या साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

मामले की विस्तृत जांच सक्षम प्राधिकारी या गठित समिति द्वारा की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन को जांच में पूरा सहयोग करने और मांगे जाने पर सभी आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कार्रवाई को लेकर सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि मरीजों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि जब कोई मरीज अस्पताल पहुंचता है तो वह पहले से बीमारी और परेशानी की स्थिति में होता है। ऐसे में उसके साथ किसी भी प्रकार की दबंगई, दुर्व्यवहार या अमानवीय व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अस्पताल इलाज के लिए है, गुंडागर्दी के लिए नहीं। मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून से ऊपर कोई भी अस्पताल, संचालक या व्यक्ति नहीं है। यदि किसी निजी अस्पताल द्वारा नियमों की अनदेखी की जाती है या मरीजों के अधिकारों का उल्लंघन सामने आता है, तो स्वास्थ्य विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने मरीज की मृत्यु के बाद शव को लेकर अस्पतालों की भूमिका पर भी सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि किसी मरीज की मृत्यु के बाद केवल बकाया राशि की वसूली के दबाव के लिए शव को रोकना स्वीकार्य नहीं है।

मंत्री के मुताबिक, मृतक और उसके परिवार की गरिमा और मानवीय संवेदनाओं का सम्मान करना अस्पताल की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकांश निजी अस्पताल नियमों और मानवीय मूल्यों का पालन कर रहे हैं, लेकिन जहां भी मरीज या उनके परिजनों को प्रताड़ित करने या सरकारी निर्देशों की अवहेलना का मामला सामने आएगा, वहां सरकार कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा, “मरीजों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। जनता मेरी है और उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान की सुरक्षा मेरी जिम्मेदारी है।”

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि ट्यूलिप हॉस्पिटल से जुड़ी घटना उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने बिना देरी किए रांची सिविल सर्जन को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट्स (रजिस्ट्रेशन एवं रेगुलेशन) अधिनियम, 2010 और झारखंड क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट्स नियम, 2013 के तहत अस्पताल के पंजीकरण/लाइसेंस को अंतरिम रूप से निलंबित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को निजी अस्पतालों के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है कि मरीजों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े मामलों में सरकार सख्त रुख अपना सकती है।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार निजी क्षेत्र के अस्पतालों के खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि जो निजी अस्पताल नियमों का पालन करते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं, सरकार उनके साथ सहयोग करेगी।

लेकिन मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाने, नियमों की अनदेखी करने, मरीजों अथवा उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार करने और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को जनसेवा का माध्यम बनाया जाना चाहिए, न कि मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाने का जरिया।

ट्यूलिप हॉस्पिटल के मामले में फिलहाल अंतरिम निलंबन लागू किया गया है। आगे की कार्रवाई विस्तृत जांच और सक्षम प्राधिकारी के निर्णय पर निर्भर करेगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री का संदेश साफ है कि झारखंड में मरीजों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। अस्पताल चाहे सरकारी हो या निजी, स्वास्थ्य सेवा से जुड़े नियमों का पालन और मरीजों के प्रति मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करना जरूरी होगा।