Jharkhand Students Protest: 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे छात्र, परीक्षाओं में गड़बड़ी पर प्रदर्शन तेज, बातचीत के लिए सरकार ने बनाई टीम

Image

परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन करते झारखंड के छात्र।

Photo :

ANI

Jharkhand Students Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने गुरुवार को कहा कि वे सरकार के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बातचीत के लिए शर्त भी रखी है। छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनकी बातचीत बंद कमरे में नहीं बल्कि मीडिया की मौजूदगी में होनी चाहिए। छात्रों ने कहा है कि उनकी मांगें यदि पूरी नहीं हुईं तो वे 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे। बता दें कि छात्र जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली एवं अनियमितताओं को लेकर धरना दे रहे हैं। इस बीच, प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत के लिए हेमंत सरकार ने एक टीम गठित की है।

गुरुवार से शुरू हो रहा विधानसभा का मानसून सत्र

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू हो रहा है। समझा जाता है कि इस सत्र में परीक्षाओं में कथित धांधली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं, छात्रों ने विधानसभा के घेराव की बात कहते हुए हेमंत सरकार पर अपना दबाव बढ़ा दिया है। प्रदर्शनकारी राधे कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से आंदोलनकारी छात्रों के साथ संपर्क करने की पहल के बाद विधानसभा का घेराव करने का फैसला किया गया।

10 अगस्त को विधानसभा का करेंगे घेराव

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कुमार ने कहा, 'छात्र 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे। कल एसडीओ सहित सरकार के कुछ अधिकारी हम लोगों से मिलने आए और हमने अपनी मांगें उन्हें बता दीं। हमारी मांगें यदि पूरी नहीं हुईं तो 10 अगस्त को घेराव करने के लिए हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा की तरफ कूच करेंगे।' कुमार ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) के माध्यम से संपन्न जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।

महतो से सोनम वांगचुक ने की फोन पर बात

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रश्न पत्र लीक होने का मुद्दा एक राष्ट्रीय समस्या है और उन्होंने इस गतिरोध को सुलझाने के लिए बातचीत का प्रस्ताव दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भूख हड़ताल कर रहे देवेंद्र नाथ महतो से बुधवार को बातचीत की और उनसे पानी पीने की अपील की। वांगचुक की अपील मानते हुए महतो ने अपने अनशन के चौथे दिन पानी पिया। इस बीच, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) सुधार मंच के बैनर तले पांच अन्य लोगों ने मंगलवार रात से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। इसके साथ ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन पर बैठे लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सदस्य देवेंद्र नाथ महतो पिछले चार दिन से इसी स्थान पर अनशन कर रहे हैं।

Alok Rao

आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article