झारखंड में 17-18 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी
Jharkhand Weather News: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. रविवार, 16 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है. वहीं, 17 और 18 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, आज से अगले 21 अगस्त 2026 के बीच झारखंड में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. रविवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड के कुछ जिलों में बारिश अपेक्षाकृत अधिक होने की संभावना है.
रांची समेत इन जिलों में दिखेगा भारी बारिश का असर
रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में रविवार को बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. इन जिलों के अलावा पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. हालांकि, जिलेवार बारिश की तीव्रता अलग-अलग रह सकती है.
तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी
16 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. बारिश और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने तथा बिजली के खंभों के आसपास रहने से भी बचना चाहिए.
ये भी पढ़ें- चलती ट्रेन में नाबालिग के साथ नजदीकी रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में बनी मौसमी परिस्थितियों के कारण मानसून सक्रिय बना हुआ है. 15 अगस्त को जारी IMD के पूर्वानुमान में भी राज्य में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई थी. खासकर 17 और 18 अगस्त को बारिश की तीव्रता अधिक रहने का अनुमान है.
बारिश और बादलों के कारण रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है. हालांकि, बीच-बीच में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है.
जानें, अगले 21 अगस्त तक कैसा रहेगा राज्य का मौसम
16 अगस्त को राज्य में बड़े स्तर पर बारिश के आसार हैं. कई जिलों और कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.
17 अगस्त को मानसून की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना विभाग की ओर से जताई गई है.
18 अगस्त के दिन भी राज्य में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
19 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है, लेकिन कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
20 अगस्त को कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना हैं.
21 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है. हालांकि, 17 और 18 अगस्त के मुकाबले बारिश की तीव्रता कम रह सकती है.
ये भी पढ़ें- झारखंड के चंदवा में बड़ा सड़क हादसा: डेढ़टंगवा घाटी में कंटेनर ने बाइक-ऑटो को रौंदा, 6 की मौत