Jharkhand Weather : बारिश के बीच बढ़ेगी उमस, 3-4 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

Ranchi News :   झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों का दौर जारी रहेगा. इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हालांकि, बारिश के बीच आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. 

मौसम विभाग के अनुसार, 26 अगस्त यानी आज राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने और बेवजह खुले मैदान या जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है. गरज-चमक और वज्रपात के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है. 

आज इन जिलों में भारी बारिश के आसार

26 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और खूंटी में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 

27 अगस्त को पूरे राज्य में बारिश

27 अगस्त को झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है. रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा चतरा और गिरिडीह में भी भारी बारिश की संभावना है.

28 और 29 अगस्त को भी कई जिलों में बारिश

28 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और गुमला में भारी बारिश हो सकती है.  वहीं, 29 अगस्त को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है. हालांकि 30 अगस्त को लेकर मौसम विभाग ने कोई खास चेतावनी जारी नहीं की है.

रांची में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रांची में 26 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

27 अगस्त को भी रांची में मध्यम बारिश हो सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं 28 से 31 अगस्त के बीच भी राजधानी में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने का अनुमान है. 

बारिश के बाद बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद आने वाले दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में लोगों को बारिश के साथ उमस और गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है. 

Pakur News : चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग पकड़े गए
Ranchi News : सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों की एंट्री पर सख्ती,   रिपोर्टिंग के लिए लेनी होगी अनुमति

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें