JPSC-JSSC विवाद पर गरमाई राजनीति, BJP अध्यक्ष को किया नजरबंद! रांची में धारा 163 लागू, बंद रहेंगे स्कूल?
Published: Monday, August 10, 2026, 9:51 [IST]
झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 17वें दिन सोमवार को छात्रों ने रांची में विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसे लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों से छात्र रांची पहुंच रहे हैं। रविवार को सरकार और छात्रों के बीच करीब पांच घंटे तक बातचीत हुई, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकल पाया। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का फैसला नहीं बदला।
प्रदर्शन को देखते हुए रांची में सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। विधानसभा के आसपास 750 मीटर के इलाके में रोक लगा दी गई है। करीब 1500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। दूसरी ओर, छात्रों के आंदोलन को देखते हुए कई स्कूलों में छुट्टी भी की गई है।
विधानसभा के आसपास कड़ी सुरक्षा
छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए नए विधानसभा भवन के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुराने विधानसभा से नए विधानसभा तक कई जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। विधानसभा के चारों तरफ कंटीले तार भी लगाए गए हैं। सुरक्षा में रैप, आईआरबी, जिला पुलिस और क्यूआरटी के जवान लगाए गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में भी खास टीम तैनात की गई है। प्रशासन ने कहा है कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करें और किसी तरह की हिंसा या गैरकानूनी गतिविधि से बचें।
ये भी पढ़ें: CJP अब मांगेगी सुप्रीम कोर्ट के जज का इस्तीफा? महुआ मोइत्रा बनीं वजह! सौरभ दास ने ये क्या कह दिया?
रांची आने वाले वाहनों की जांच
छात्रों के रांची पहुंचने को देखते हुए रामगढ़ में पुलिस ने वाहनों की जांच बढ़ा दी है। रांची जाने वाले रास्तों पर देर रात तक गाड़ियों की जांच की गई। इन रास्तों पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। वहीं, आंदोलन को देखते हुए रांची के कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। कुछ स्कूलों में दोपहर 12 बजे तक ही पढ़ाई कराने का फैसला लिया गया है।
पांच घंटे चली सरकार से बात
रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब पांच घंटे तक बैठक हुई। छात्रों ने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच समेत कई मांगें सरकार के सामने रखीं। लंबी बातचीत के बाद भी कोई बड़ा फैसला नहीं हो सका। इसके बाद छात्रों ने साफ कर दिया कि सोमवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम होगा।
14वीं जेपीएससी पीटी की जांच जारी
14वीं जेपीएससी पीटी के रिजल्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर सीआईडी की जांच चल रही है। इसी सिलसिले में सीआईडी ने जेपीएससी की पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य को पूछताछ के लिए बुलाया है।
इस मामले में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। छात्र लगातार मांग कर रहे हैं कि परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो।
छात्रों के समर्थन में भाजपा का मशाल जुलूस
छात्रों के विधानसभा मार्च के समर्थन में भाजपा ने भी रामगढ़ में मशाल जुलूस निकाला। 10 अगस्त को बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी के नेतृत्व में यह जुलूस निकाला गया। उन्होंने सरकार पर छात्रों के आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया। रोशन लाल चौधरी ने कहा कि रांची जाने वाली बसों और दूसरी गाड़ियों को रोका जा रहा है।
उन्होंने कहा, "जब तक सरकार जेपीएससी की जांच सीबीआई से नहीं करती है, तब तक हम लोग चैन से नहीं बैठेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के छात्र और आम लोग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने अनशन कर रहे छात्रों की खराब होती तबीयत का भी मुद्दा उठाया।
बीजेपी अध्यक्ष को नजरबंद किए जाने से बढ़ा विवाद
छात्रों के आंदोलन के बीच बीजेपी नेताओं की गतिविधियों पर भी प्रशासन की नजर है। बीजेपी अध्यक्ष को नजरबंद किए जाने की खबर के बाद पार्टी और सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ गया है। बीजेपी का आरोप है कि सरकार छात्रों के आंदोलन से घबराई हुई है और आंदोलन का समर्थन करने वाले नेताओं को भी रोकने की कोशिश की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी ने सरकार पर निशाना साधा है।
जमशेदपुर में भी रोक
रांची में चल रहे आंदोलन को देखते हुए जमशेदपुर में भी प्रशासन ने बीएनएस की धारा 163 के तहत रोक लगा दी है। यह आदेश 10 अगस्त की रात 12 बजे से अगले आदेश तक लागू रहेगा। इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी। जुलूस, धरना और प्रदर्शन की भी इजाजत नहीं होगी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर धमकी देने या भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उपायुक्त ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के आदेशों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: सरकार के आश्वासन के बाद भी नहीं माने छात्र, आज झारखंड विधानसभा का करेंगे घेराव, पूरे राज्य से पहुंच रहे लोग