Kaithal Encounter: पूंडरी-फरल रोड पर पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, बोलेरो से 48 ग्राम चिट्टा बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार - Haribhoomi
कैथल के पूंडरी-फरल रोड पर करीब 2 बजे एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें दोनों तरफ से कुल 6 राउंड फायर हुए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी संदीप के पैर में गोली लगी, जिसे कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैथल के पूंडरी-फरल रोड पर पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़ में 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
- Published: 31 Jul 2026, 12:43 PM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 12:43 PM IST
Kaithal Encounter: हरियाणा के कैथल जिले में एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली मारकर घायल कर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 48 ग्राम चिट्टा और एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद की गई है।
नाका तोड़कर भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम शुक्रवार अल सुबह करीब 2 बजे पूंडरी-फरल रोड पर नशा तस्करों की तलाश में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की बोलेरो में सवार आरोपी वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आरोपियों की बोलेरो सड़क से उतरकर खेतों में चली गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी।
6 राउंड फायरिंग, एक आरोपी घायल
मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कुल छह राउंड फायरिंग हुई। आरोपियों ने पुलिस पर दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चार राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी संदीप के पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
48 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस ने आरोपियों की बोलेरो की तलाशी ली, जिसमें से 48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें घायल संदीप सहित तीन आरोपी गांव मटौर के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी गांव बड़सिकरी और एक जींद जिले के गांव खेड़ी मसानियां का रहने वाला है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं और उनके अन्य साथियों की भूमिका क्या है। मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।