Kajal Raghwani को देख बेकाबू हुई भीड़, गाड़ी पर पत्थरबाजी, टूटे शीशे, कैसी हैं भोजपुरी एक्ट्रेस?

Time Published: Saturday, September 19, 2026, 17:50 [IST]

Kajal Raghwani: भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस काजल राघवानी को लेकर बिहार शरीफ में आज यानी 19 सितंबर 2026 (शनिवार) को एक कार्यक्रम के दौरान हंगामा जैसी स्थिति बन गई। एक ज्वैलरी शोरूम के उद्घाटन के लिए पहुंचीं काजल राघवानी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को हालात संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

काजल राघवानी की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर हुआ पथराव
इसी दौरान काजल राघवानी की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर कथित तौर पर पथराव कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पथराव में गाड़ी के कई शीशे टूट गए। हालांकि जिस वक्त गाड़ी पर पथराव हुआ, उस समय काजल उसमें मौजूद नहीं थीं। एक्ट्रेस को पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था।

Kajal Raghwani

शोरूम के बाहर जमा हो गई थी भारी भीड़

-काजल राघवानी को बिहार शरीफ के एक ज्वैलरी शोरूम के उद्घाटन के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया था। उनके कार्यक्रम में पहुंचने की खबर फैलते ही शोरूम के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे। देखते ही देखते वहां फैंस की भीड़ बढ़ती चली गई।

-काजल राघवानी के बाहर निकलने का समय आया तो लोग उनकी एक झलक पाने के लिए उत्साहित हो गए। भीड़ के बढ़ते दबाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था को संभालना मुश्किल होने लगा। सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने किसी तरह एक्ट्रेस को भीड़ से निकालने की कोशिश की।

बेसमेंट के रास्ते निकाली गईं काजल

-बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों ने काजल राघवानी को सीधे मुख्य गेट से बाहर निकालने के बजाय बेसमेंट के रास्ते ले जाने का फैसला किया। इसके बाद बाउंसरों और पुलिस की मदद से उन्हें सुरक्षित तरीके से वहां से बाहर निकाला गया।

-इसी बीच बाहर मौजूद भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेरने की कोशिश की। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान फॉर्च्यूनर पर पथराव की घटना सामने आई। हालांकि काजल उस वक्त गाड़ी में नहीं थीं और उन्हें पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था।

गाड़ी के पीछे दौड़ते नजर आए लोग

घटना के बाद जब काजल राघवानी की गाड़ी वहां से निकली तो कुछ लोग उसे देखने के लिए गाड़ी के पीछे दौड़ते हुए भी नजर आए। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए एक्ट्रेस को वहां से सुरक्षित रवाना किया। कार्यक्रम में काजल की मौजूदगी को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। ज्वैलरी शोरूम के उद्घाटन के अलावा वहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित था लेकिन बढ़ती भीड़ और सुरक्षा संबंधी स्थिति को देखते हुए आयोजकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम को स्थगित करने का फैसला किया।

आयोजकों ने भगदड़ से किया इनकार

आयोजकों की ओर से कहा गया कि कलाकार की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम को तत्काल नियंत्रित करना जरूरी था। हालांकि उन्होंने मौके पर भगदड़ या किसी बड़े हंगामे से इनकार किया है।

पुलिस ने कार्यक्रम को लेकर क्या कहा?

मामले को लेकर लहेरी थानाध्यक्ष रणजीत रजक ने बताया कि पुलिस को कार्यक्रम से संबंधित निमंत्रण कार्ड दिया गया था। उनके मुताबिक कार्यक्रम के लिए किसी तरह का लाइसेंस नहीं लिया गया था। पुलिस अब पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और कार्यक्रम के दौरान बनी स्थिति की जांच की जा रही है।

'राइज एंड फॉल 2' में नजर आएंगी काजल राघवानी

जानकारी के अनुसार काजल राघवानी इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। 'भोजपुरी बवाल' के बाद अब वो रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में नजर आने वाली हैं। शो में उनकी एंट्री तेज प्रताप यादव के साथ होने की बात सामने आई है। इससे पहले काजल और तेज प्रताप 'भोजपुरी बवाल' में साथ नजर आ चुके हैं। ऐसे में दोनों की अगली स्क्रीन मौजूदगी को लेकर दर्शकों के बीच भी उत्सुकता बनी हुई है।