Kanpur Marriage: पति रचा रहा था दूसरा निकाह, पहली बीवी पहुंची तो मचा बवाल, 4 साल पहले की थी लव मैरिज
Published: Sunday, July 26, 2026, 20:34 [IST]
Kanpur Marriage: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मैरिज लॉन में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निकाह की रस्में शुरू होने से पहले दूल्हे की पहली पत्नी मौके पर पहुंच गई। महिला ने दावा किया कि उसकी शादी साल 2022 में इसी युवक से हुई थी और अभी तक दोनों का तलाक नहीं हुआ है।
इसके बावजूद पति दूसरा निकाहा करने जा रहा था। महिला के विरोध के बाद समारोह में हंगामा हो गया और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामला जांच के अधीन है और दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आइए विस्तार से समझते हैं कि कैसे क्या हुआ?
मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर के एक मैरिज लॉन का है। 24 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे निकाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान एक महिला अपनी बहन के साथ वहां पहुंची और निकाह रुकवा दिया। महिला ने खुद को दूल्हे की कानूनी पत्नी बताते हुए कहा कि जब तक उनका वैधानिक रूप से तलाक नहीं हुआ है, तब तक दूसरा निकाह नहीं हो सकती। देखते ही देखते समारोह में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
2018 में फेसबुक से हुई थी दोस्ती, 2022 में लव मैरिज
महिला के अनुसार, 2018 में फेसबुक के जरिए जूही लाल कॉलोनी निवासी आशिफ (32) से उसकी दोस्ती हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई, जो बाद में मुलाकातों तक पहुंच गई। कुछ वक्त बाद आशिफ ने अपने परिवार के साथ शादी का प्रस्ताव भेजा। दोनों परिवारों की सहमति के बाद साल 2022 में चमनगंज के एक मैरिज हॉल में दोनों का निकाह हुआ। यह एक प्रेम विवाह था, जिसे दोनों परिवारों ने स्वीकार किया था।
निकाह के दो साल बाद हुई विदाई
महिला का कहना है कि निकाह के समय युवक का घर छोटा होने के कारण उसकी विदाई न हो सकी। बाद में नया मकान बनने के बाद जनवरी 2024 यानी दो साल के बाद महिला की विदाई हुई और ससुराल पहुंची।
महिला के मुताबिक, ससुराल पहुंचने के करीब दो महीने बाद ही रिश्तों में तनाव शुरू हो गया। उसने आरोप लगाया कि पति और ससुराल पक्ष दहेज और नकदी की मांग करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकालने की धमकी दी गई।
दहेज उत्पीड़न का मामला कोर्ट में
महिला का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर तीन महीने बाद ही यानी अप्रैल 2024 में मायके लौट आई। इसके बाद जून 2025 में उसने चमनगंज थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और नियमित सुनवाई चल रही है। महिला का कहना है कि अभी तक दोनों के बीच कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है।
फिर भी पति से होता रहा संपर्क
महिला ने पुलिस को बताया कि कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद पति लगातार उसके संपर्क में था। दोनों के बीच रोज बातचीत होती थी और महीने में कई बार मुलाकात भी होती थी। इसी वजह से उसे कभी यह अंदेशा नहीं हुआ कि उसका पति दूसरा निकाह की तैयारी कर रहा है।
पड़ोसी के फोन से हुआ खुलासा
महिला के मुताबिक, 24 जुलाई को उसे पति आशिफ के एक पड़ोसी का फोन आया। उसने बताया कि उसका पति श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन में दूसरा निकाह करने जा रहा है। यह जानकारी मिलते ही महिला ने पति, ससुर और अन्य रिश्तेदारों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज लॉन पहुंच गई।
दूल्हा हिरासत में, मामले की छानबीन जारी
हंगामे की सूचना मिलते ही चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों को चौकी ले गई। इसके बाद देर रात तक दोनों पक्षों से पूछताछ की गई।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।