जया बच्चन के गुस्से से कैसे बचते हैं अमिताभ? KBC पर कंटेस्टेंट के सामने बताई यह तरकीब
Aug 24, 2026 04:03 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति में अपना एक ऐसा रिचुअल बताया, जिसका इस्तेमाल करके वह अपनी पत्नी जया बच्चन के गुस्से का शिकार होने से बचे रहते हैं।

अमिताभ बच्चन उस वक्त मुश्किल में आ गए जब एक कंटेस्टेंट ने पर्सनल सवाल उनकी तरफ घुमा दिया।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन रियलिटी टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में अपनी बातों से लोगों को खूब एंटरटेन करते हैं। हॉटसीट पर बैठने वाले खिलाड़ियों के साथ बातों-बातों में कई बार वो अपनी निजी जिंदगी की बातें भी ऑन कैमरा बता देते हैं। अपकमिंग एपिसोड में हमें कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा। अमिताभ बच्चन एक ऐसी तरकीब बताएंगे, जिसे वह पिछले कई सालों से अपनी पत्नी जया बच्चन से डांट खाने से बचने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। अमिताभ ने बताया कि वह जब घर लेट पहुंचते हैं तो उनकी पत्नी उन पर नाराज होती हैं, और इससे बचने के लिए वह एक स्मार्ट ट्रिक इस्तेमाल करते हैं।
डांट से बचने का बताया ये तरीका
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनके घर में चीजें किस तरह चलती हैं और बातों-बातों में उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी पत्नी की नाराजगी से बचने के लिए घर के सभी लोगों को चीजें एडवांस में बताकर चलते हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि यह सारी बातचीत शुरू कैसे हुई तो बता दें कि हॉटसीट पर बैठी कंटेस्टेंट प्रीतिराज ने बातों-बातों में एक पर्सनल सवाल बिग बी की तरफ घिसका दिया। इस पर अमिताभ बच्चन ने बताया कि वह देर रात घर पहुंचने पर अपनी पत्नी की नाराजगी किस तरह अवॉयट कर पाते हैं।
सुबह सबसे पहले करते हैं यह काम
अमिताभ बच्चन ने कहा कि वह यह पक्का करते हैं कि उनके शेड्यूल के बारे में उनकी पत्नी और घर के बाकी लोगों को चीजें एडवांस में पता हों। अमिताभ बच्चन ने शो पर कहा, “देखिए देवी जी, हमें पता होता है कि क्या होनेवाला है तो हम क्या करते हैं, कि हम सुबह उठते ही सबसे पहले जो हमारा परिवार है, उनके सबके नाम लिखे हैं कॉन्टैक्ट में, और एक ग्रुप बना है जिसमें हम मैसेज कर देते हैं नमस्कार, हाथ जोड़कर। फिर लिखेंगे आज हमारी शूटिंग हैं इधर-उधर, तो आज देर से आऊंगा। तो खाने-वाने का इंतजार मत करना।”
खुद ही घर के काम करते हैं अमिताभ
अमिताभ बच्चन ने बताया, "पहले ही बता के रखते हैं तो इसलिए हम बच जाते हैं, लेकिन मान लीजिए कि आपने नहीं बताया, तब पड़ेगी आपको। ये बोलेंगे कि आपने बताया नहीं। ये कोई वक्त है आने का। तो अगर हमें बहुत देर होती है तो वो खुद ही खाना खा लेती हैं और सोने चली जाती हैं।" लेकिन प्रीतिराज यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे अमिताभ से पूछा कि क्या नौकरों की गैरमौजूदगी में वह खुद कभी घर का काम संभालते हैं? इस पर अमिताभ बच्चन ने कहा कि घर पर स्टाफ के नहीं रहने पर वह हर छोटा-बड़ा काम खुद ही करते हैं, हालांकि उन्हें खाना बनाना नहीं आता है।