Ketu Gochar 2026: केतु की बदलेगी चाल, अगले 71 दिन इन 5 राशियों के लिए रहेंगे बेहद शुभ
Ketu Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में केतु को रहस्यमय और आध्यात्मिक ग्रह माना जाता है. इसे वैराग्य, आत्मचिंतन और जीवन में अचानक होने वाले बदलावों से जोड़कर देखा जाता है. इस समय केतु सिंह राशि में गोचर कर रहा है और मघा नक्षत्र में स्थित है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, केतु की यह स्थिति कुछ राशियों के लिए करियर, कारोबार, धन और निजी जीवन से जुड़े मामलों में सकारात्मक बदलाव लेकर आ सकती है.
केतु मघा नक्षत्र के अलग-अलग चरणों से गुजरते हुए 5 दिसंबर 2026 तक सिंह राशि में रहेगा. इसके बाद यह कर्क राशि में प्रवेश करेगा. ऐसे में सितंबर के अंतिम दिनों से दिसंबर की शुरुआत तक का समय कुछ राशि वालों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए केतु का यह गोचर कामकाज के लिहाज से लाभकारी रह सकता है. कारोबार करने वालों को कोई नई डील मिलने या पहले से किए गए किसी काम से फायदा होने के संकेत हैं. आर्थिक स्थिति में भी धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है. नौकरी करने वाले लोगों को कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी मिल सकती है. मेहनत का परिणाम मिलने से आत्मविश्वास बढ़ेगा. हालांकि बड़े आर्थिक फैसले लेते समय जल्दबाजी करने से बचना बेहतर रहेगा.
सिंह्र राशि
केतु फिलहाल सिंह राशि में ही मौजूद है, इसलिए इस राशि के जातकों के लिए यह गोचर खास माना जा रहा है. करियर से जुड़ी पुरानी उलझनें कम हो सकती हैं और काम को लेकर कोई नई दिशा मिल सकती है. किसी फैसले को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, तो अब चीजें ज्यादा स्पष्ट होने के संकेत हैं. इस दौरान अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखना फायदेमंद रहेगा.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए केतु का यह गोचर काम में आगे बढ़ने के अवसर ला सकता है. जिस काम या फैसले को लेकर काफी समय से स्थिति स्पष्ट नहीं थी, उसमें धीरे-धीरे तस्वीर साफ होने के संकेत हैं. करियर और कारोबार में नए मौके मिल सकते हैं. किसी महत्वपूर्ण काम में सफलता मिलने से आत्मविश्वास मजबूत होगा. हालांकि इस दौरान एक साथ कई फैसले लेने के बजाय अपनी प्राथमिकताएं तय करके आगे बढ़ना बेहतर रहेगा.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए केतु का प्रभाव कई मामलों में राहत देने वाला हो सकता है. लंबे समय से चले आ रहे किसी विवाद या कानूनी मामले में आगे बढ़ने का रास्ता निकल सकता है. परिवार का सहयोग मिलने से मानसिक दबाव कम होने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ सकता है. काम से जुड़ी ऐसी जिम्मेदारी मिल सकती है, जिसका फायदा आने वाले समय में देखने को मिले.
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए यह अवधि काम और कारोबार में नए अवसर लेकर आ सकती है. कोई नया प्रोजेक्ट, डील या पार्टनरशिप का प्रस्ताव सामने आने के योग बन सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. वहीं निजी जीवन में किसी पुराने मतभेद या उलझन को बातचीत के जरिए दूर करने का मौका मिल सकता है. इससे रिश्तों में पहले की तुलना में अधिक स्पष्टता आने की संभावना है.
5 दिसंबर तक सिंह राशि में रहेगा केतु
ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, केतु अभी सिंह राशि में मघा नक्षत्र के अलग-अलग पदों में भ्रमण कर रहा है. करीब 3 अक्टूबर 2026 को यह मघा नक्षत्र के पहले पद में प्रवेश करेगा. इसके बाद 5 दिसंबर 2026 को सिंह राशि से निकलकर कर्क राशि में चला जाएगा.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More