Koderma News: ATS की सूचना पर पुलिस का छापा, सोशल मीडिया पर कथित जिहाद समर्थक पोस्ट साझा करने के आरोप में दो गिरफ्तार; UAPA समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
Koderma: आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS), झारखंड से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर कोडरमा पुलिस ने मंगलवार को सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित रूप से देश विरोधी एवं जिहाद समर्थक सामग्री प्रसारित कर युवाओं को भड़काने और उनका ब्रेनवॉश करने का प्रयास कर रहे थे। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी कोडरमा पुलिस की ओर से मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जाए जारी कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक कोडरमा को ATS के माध्यम से सूचना मिली थी कि अरसद महफूज (21) एवं शाहीन परवीन उर्फ मुस्कान (21) सोशल मीडिया के जरिए कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा कर रहे हैं तथा पाकिस्तान के कुछ लोगों के संपर्क में भी हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
विशेष टीम ने माधोपुर गांव में छापेमारी कर पहले अरसद महफूज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके कमरे से एक एंड्रॉयड मोबाइल, टैबलेट, ट्राइपॉड, चाकू, देशी पिस्टल जैसी वस्तु तथा बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी सामग्री बरामद की गई। जब्त मोबाइल और टैब की जांच में कई इंस्टाग्राम अकाउंट मिले, जिन पर कथित रूप से जिहाद समर्थक पोस्ट, भड़काऊ ऑडियो-वीडियो और अन्य आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई थी।
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से जंगल में सैन्य शैली का प्रशिक्षण लेते हुए वीडियो और तस्वीरें भी मिली हैं। इसके अलावा वह कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुपों का सदस्य पाया गया, जिनमें पाकिस्तान के मोबाइल नंबर भी जुड़े हुए थे।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से शाहीन परवीन उर्फ मुस्कान को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक वीडियो कैमरा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी कई आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री मिली है।
इस संबंध में सतगावां थाना कांड संख्या 61/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट की धारा 66(C) एवं 66(D), आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(B)(a) तथा UAPA की धारा 13 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी
अरसद महफूज (21 वर्ष), पिता– मोहम्मद जहांगीर, ग्राम माधोपुर, थाना सतगावां, जिला कोडरमा।
शाहीन परवीन उर्फ मुस्कान (21 वर्ष), पिता– मोहम्मद जसीम, ग्राम माधोपुर, थाना सतगावां, जिला कोडरमा।
बरामद सामग्री
तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन
एक टैबलेट
एक कैनन वीडियो कैमरा
एक ट्राइपॉड
एक चाकू
देशी पिस्टल जैसी वस्तु
बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी सामग्री