Koffee With Karan 9: जान्हवी कपूर और वरुण धवन बनेंगे करण जौहर के मेहमान, अर्जुन का होगा कैमियो, शूटिंग पूरी?
Koffee With Karan 9: करण जौहर जल्द अपना पॉपुलर चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ लेकर आने वाले हैं. शो के नए सीजन को लेकर फैंस भी काफी एक्साइटेड हैं. खबर है कि वरुण धवन और जह्नवी कपूर भी शो का हिस्सा बनने वाले हैं. उन्होंने करण के इस चैट शो के एक एपिसोड की शूटिंग की है. साथ ही ये भी बताया जा रहा है कि एपिसोड में अर्जुन कपूर का कैमियो भी हो सकता है. हालांकि अभी तक इन दोनों खबरों को लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है.
न्यूज 18 की खबर के मुताबिक, शो के एक एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसे यशराज फिल्म्स के स्टूडियो में जाह्नवी कपूर और वरुण धवन के साथ शूट किया गया है. इसी के साथ रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि शो में खास मेहमान के तौर पर अर्जुन कपूर नजर आ सकते हैं. इससे पहले अर्जुन कपूर ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 5 में कई बार नजर आए थे. उन्होंने शो में अचानक कैमियो करके दर्शकों को खूब हंसाया था. इसी वजह से उन्हें सीजन 5 में ‘स्पेशल कॉफी अवार्ड’ भी मिला था. अब वो जाह्नवी और वरुण के साथ इस खास एपिसोड में भी दिखाई दे सकते हैं.
अर्जुन ने सीजन 5 में मचाया था धमाल
अर्जुन कपूर ‘कॉफी विद करण’ के पांचवें सीजन में कई बार बिना बताए कैमियो करते नजर आए थे. उन्होंने रणबीर कपूर और रणवीर सिंह के एपिसोड में ‘किस द अर्जुन’ नाम के गेम में हिस्सा लिया था. इसके अलावा, कटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा वाले एपिसोड में भी उन्होंने इसी गेम के एक राउंड में हिस्सा लिया था. वो ‘रैपिड फायर’ राउंड में गेस्ट जज के तौर पर भी नजर आए थे, जिसके चलते अर्जुन को सीजन 5 का अनऑफिशियल मैस्कट कहा जाने लगा था. अब फैंस एक बार फिर उनके मजेदार कैमियो का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: “हमारा काम करने का तरीका अलग सैफ अली खान से काम को लेकर क्यों भिड़ती हैं करीना कपूर?
जाह्नवी और वरुण पहले भी बन चुके हैं शो का हिस्सा
जाह्नवी कपूर ‘कॉफी विद करण’ में पहली बार साल 2018 में अपने भाई अर्जुन कपूर के साथ नजर आई थीं. इसके बाद वो सीजन 7 में सारा अली खान और सीजन 8 में अपनी छोटी बहन खुशी कपूर के साथ पहुंची थीं. वहीं, वरुण धवन साल 2013 से इस शो का हिस्सा रहे हैं. वो अब तक कई बार ‘कॉफी विद करण’ में नजर आ चुके हैं. वरुण ने अपनी फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के को स्टार्स आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ भी शो में हिस्सा लिया था.
सलमान खान से हो सकती है शो की शुरुआत
खबरों के मुताबिक ‘कॉफी विद करण 9’ के पहले एपिसोड में सलमान खान अकेले नजर आ सकते हैं. इसके अलावा, शाहरुख खान और आर्यन खान के शो में आने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि इन खबरों की अभी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है. शो के बाकी मेहमानों के नाम भी फिलहाल सामने नहीं आए हैं.

सरिता शर्मा
सरिता शर्मा दिल्ली की रहने वाली हैं. वर्ष 2014 में दिल्ली विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट हिंदी जर्नलिज्म में डिप्लोमा की पढ़ाई करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से ही साल 2018 में एमए हिंदी की डिग्री प्राप्त की है. बतौर कंटेंट राइटर सरिता शर्मा की पहली जॉब है. टीवी9 भारतवर्ष में कंटेंट राइटर के रूप में धर्म सेक्शन के लिए लेखन का कार्य कर रही हैं.
Read More