LAC पर कम हुई चीन की सैन्य मौजूदगी, उत्तरी सीमाओं पर करीब 10 ब्रिगेड तैनात; रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में खुलासा
नई दिल्ली/बीजिंग (उत्तम हिन्दू न्यूज) : भारत-चीन सीमा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रक्षा मंत्रालय की 2025-26 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में उत्तरी सीमाओं पर चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की तैनाती में बड़ी कमी दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के सामने अपनी सैन्य मौजूदगी घटाई है और अब उत्तरी सीमाओं तथा पारंपरिक प्रशिक्षण क्षेत्रों में करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर बल तैनात है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत की ओर से सभी LAC सेक्टर में सेना की तैनाती मजबूत बनी हुई है। भारतीय सेना किसी भी उभरती चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार और उचित स्थिति में है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन के बीच सकारात्मक राजनीतिक, कूटनीतिक और सैन्य स्तर की बातचीत से उत्तरी सीमाओं पर स्थिति में अपेक्षाकृत स्थिरता आई है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर की बातचीत दोबारा शुरू हो चुकी है। इसमें अक्टूबर 2025 में पूर्वी लद्दाख में हुई 23वीं कोर कमांडर स्तर की बैठक भी शामिल है। सैन्य वार्ताओं के जरिए सीमा से जुड़े मुद्दों को सुलझाने और तनाव कम करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इसके अलावा चीनी PLA के साथ बॉर्डर पर्सनल मीटिंग (BPM) भी सभी सेक्टर में जारी हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन बैठकों का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा है और इनके जरिए दोनों पक्षों से जुड़े मुद्दों को उठाने और उनके समाधान की कोशिश की जा रही है।
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर का भी विशेष उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की मल्टी-डोमेन सैन्य क्षमता, खुफिया बढ़त, तकनीकी ताकत और तीनों सेनाओं की संयुक्त ऑपरेशनल तैयारियों को प्रदर्शित किया।
ऑपरेशन के बाद भारतीय सेना ने अपनी क्षमताओं और कमियों का व्यापक आकलन भी किया। इसके आधार पर फोर्स रिस्ट्रक्चरिंग, तीनों सेनाओं के बीच बेहतर जॉइंटनेस और नई तकनीकों पर अधिक जोर दिया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि बदलते सुरक्षा माहौल और उभरती चुनौतियों को देखते हुए भारतीय सेना अपनी ऑपरेशनल तैयारियों और सैन्य क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रही है। भारत की ओर से LAC पर मजबूत सैन्य तैनाती बनाए रखने के साथ चीन के साथ संवाद और सैन्य वार्ता के जरिए सीमा पर स्थिरता कायम करने की कोशिश जारी है।
You Might Be Interested In
- सत्य निकेतन पीजी हादसा : आरोपी सुधांशु और शुभम त्यागी को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
- पत्नी के मर्डर के बाद उसका सिर काटकर पति ने फ्रिज में रखा, पुलिस ने किया एनकाउंटर, इलाके में मची सनसनी
- सरकार के पीछे पड़े कॉकरोच, अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान- फिर शुरू होगा आंदोलन
- भस्म आरती: गणेश स्वरूप में सजे बाबा महाकाल; भांग, रुद्राक्ष की माला और फूलों से भव्य शृंगार
- एशियन गेम्स से पहले तीरंदाज धीरज ने रचा इतिहास, वर्ल्ड कप फाइनल में जीता गोल्ड; ऐसे करने वाले पहले भारतीय
- मानसा में स्कूल बस की PRTC बस से भिड़ंत, 10 से 15 बच्चे घायल, ड्राइवर की टांगें टूटीं